सड़क निर्माण की धूलकण से बच्चों और बुजुर्गों की सेहत पर गंभीर खतरा: अरुण साबू

खूंटी: खूंटी जिला अंतर्गत सड़क निर्माण कार्य में उड़ रही धूल अब आसपास के ग्रामीणों के लिए गंभीर परेशानी बन गई है। सड़क निर्माण के दौरान धूल नियंत्रण के लिए आवश्यक व्यवस्था नहीं किए जाने से गोडा टोली, गिडुंग, हेठगोवा सहित रास्ते में पड़ने वाले कई गांवों के लोग भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
इस मामले को लेकर मुरहू के उप प्रमुख अरुण कुमार साबू ने बताया कि सड़क निर्माण शुरू होने के समय से ही वे लगातार संबंधित विभाग और प्रशासन को पत्र लिखकर ग्रामीणों की समस्याओं से अवगत कराते आ रहे हैं। इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है। आखिर ग्रामीणों की जान और स्वास्थ्य के साथ कब तक खिलवाड़ होता रहेगा?
उन्होंने कहा कि सड़क पर उड़ती धूल के कारण छोटे-छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। बुजुर्गों और सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों को सांस लेने में कठिनाई हो रही है। सड़क के किनारे स्थित स्कूल और उसके आसपास का पूरा वातावरण धूल से भर जा रहा है। जिन बच्चों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण में शिक्षा मिलनी चाहिए, वे प्रतिदिन धूल के बीच स्कूल आने-जाने को मजबूर हैं।
इतना ही नहीं, सड़क पर उड़ती धूल के कारण वाहन चालकों को सामने का रास्ता ठीक से दिखाई नहीं देता, जिससे प्रतिदिन दुर्घटनाओं की घटनाएं हो रही हैं। यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।
उप प्रमुख ने विभाग से सीधे सवाल किया है कि क्या सड़क निर्माण का उद्देश्य जनता को सुविधा देना है या जनता को बीमारी और दुर्घटना के खतरे में डालना? जब निर्माण कार्य शुरू होने से ही प्रशासन को लगातार पत्रों के माध्यम से समस्या बताई जा रही है, तो अब तक धूल नियंत्रण के लिए नियमित पानी का छिड़काव, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक कदम क्यों नहीं उठाए गए?
अरुण कुमार साबू ने जिला प्रशासन एवं संबंधित निर्माण विभाग से मांग की है कि तत्काल सड़क पर नियमित पानी का छिड़काव कराया जाए, निर्माण स्थल पर धूल नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम किए जाएं तथा दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा संकेतक और आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा। विभाग जल्द से जल्द धरातल पर कार्रवाई करे, अन्यथा गोडा टोली, गिडुंग, हेठगोवा सहित प्रभावित गांवों के ग्रामीणों के साथ जनहित में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।
ग्रामीणों का सवाल है कि विकास के नाम पर यदि लोगों को बीमारी, सांस की तकलीफ और दुर्घटनाओं का सामना करना पड़े, तो ऐसे निर्माण कार्य में जनसुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *