बिजली-पानी को लेकर हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ बीजेपी का हल्ला बोल,घड़ा फोड़ कर किया प्रदर्शन

रांची: झारखंड में बिजली- पानी संकट को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने पूरे राज्य में जोरदार तरीके से हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। बीजेपी की महिला कार्यकर्ताओं ने सिर पर मिट्टी के घड़े को रखकर प्रदर्शन किया और समाहरणालय में डीसी कार्यालय के सामने घड़ा को फोड़ा। साथ ही राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। राजधानी रांची में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने प्रदर्शन का नेतृत्व किया। उनके साथ केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ,पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा,स्थानीय विधायक सीपी सिंह,बीजेपी नेता रमेश सिंह सहित कई बीजेपी के कार्यकर्ता मौजूद थे।
रैली रांची के जिला स्कूल से प्रारंभ हुआ और डीसी कार्यालय के पास मटका फोड़ कर समाप्त हुआ।
वहीं रैली के नेतृत्व कर रहे प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि आज शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाएं पीने के पानी के लिए मीलों पैदल चलने को मजबूर हैं।उन्होंने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि जो सरकार बुनियादी जरूरतें—बिजली और पानी—भी मुहैया नहीं करा सकती, उसे सत्ता में रहने का कोई हक नहीं है।वही केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने हेमंत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा आज पूरे प्रदेश में पानी के लिए त्राहि-त्राहि मची है। सरकार और प्रशासन गहरी नींद में सोए हैं।अगर जल्द ही बिजली और पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो जनता इस सरकार को गद्दी छोड़ने पर मजबूर कर देगी।महिलाओं ने सिर पर खाली मटके रखकर यह दर्शाया कि सरकार की योजनाएं कागजों तक सीमित हैं और ज़मीनी स्तर पर घड़े खाली हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *