महागामा में SIR समीक्षा बैठक पर भाजपा ने जताई आपत्ति, कार्रवाई की मांग
रांची: गोड्डा जिले के महागामा विधानसभा क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 की समीक्षा बैठक को लेकर भाजपा ने आपत्ति जताई है। पार्टी के SIR प्रदेश संयोजक सह प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को पत्र लिखकर मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
राकेश प्रसाद ने कहा कि 26 जुलाई को महागामा के मेहरमा प्रखंड कार्यालय में स्थानीय विधायक सह ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की मौजूदगी में SIR की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी और पंचायत सचिव सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। भाजपा ने कहा कि बैठक की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी साझा की गई हैं।
राकेश प्रसाद के मुताबिक SIR भारत निर्वाचन आयोग की महत्वपूर्ण और निष्पक्ष प्रक्रिया है। ऐसे में किसी जनप्रतिनिधि द्वारा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ इसकी समीक्षा बैठक करना उचित नहीं है। इससे निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठ सकते हैं और अधिकारियों पर दबाव या प्रभाव पड़ने की आशंका रहती है।
भाजपा ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से पूरे मामले की जांच कराने तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
पार्टी ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और आयोग के नियमों के अनुरूप होना चाहिए, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनी रहे।


