IDTR की स्थापना से आधुनिक होगा परिवहन तंत्र, युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर : हेमंत सोरेन

रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सुरक्षित, कुशल और आधुनिक परिवहन व्यवस्था के लिए गुणवत्तापूर्ण ड्राइविंग प्रशिक्षण जरूरी है। झारखंड मंत्रालय में परिवहन विभाग और टाटा मोटर्स लिमिटेड के बीच जमशेदपुर में इंस्टीट्यूट ऑफ ड्राइविंग ट्रेनिंग एंड रिसर्च की स्थापना को लेकर एमओयू हस्ताक्षर समारोह में मुख्यमंत्री शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि IDTR के माध्यम से युवाओं को आधुनिक तकनीक और वैश्विक मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण मिलेगा। इससे उनकी रोजगार क्षमता बढ़ेगी और सड़क सुरक्षा को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि टाटा मोटर्स के सहयोग से बनने वाला यह संस्थान दक्ष चालकों के निर्माण के साथ परिवहन क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रशिक्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पलामू, सरायकेला-खरसावां, धनबाद समेत विभिन्न जिलों के लाभुकों से सीधा संवाद किया। उन्होंने ड्राइविंग और लर्निंग लाइसेंस की प्रक्रिया, आवेदन में लगने वाले समय और आने वाली समस्याओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने उपायुक्तों को लंबित आवेदनों की समीक्षा कर उनका त्वरित और पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने महिलाओं को परिवहन क्षेत्र में अधिक अवसर देने पर भी जोर दिया। कहा कि महिलाओं के लिए ड्राइविंग प्रशिक्षण और लाइसेंस की प्रक्रिया सरल बनाकर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य के 10 हजार से अधिक नागरिकों को ड्राइविंग एवं लर्निंग लाइसेंस उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने हेवी व्हीकल लाइसेंस प्रक्रिया को भी सरल और पारदर्शी बनाने का निर्देश दिया।

मौके पर मंत्री दीपक बिरुआ समेत विभागीय अधिकारी और टाटा मोटर्स के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *