महागामा के सारोतिया पंचायत में खुला आधार सेंटर, ग्रामीणों को घर-घर डिजिटल सेवाएं पहुंचाने की पहल का दीपिका पांडेय सिंह ने किया शुभारंभ
गोड्डा : झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने मंगलवार को महगामा प्रखंड के सारोतिया पंचायत सचिवालय में आधार परमानेंट एनरोलमेंट सेंटर का शुभारंभ किया। यह पहल राज्य सरकार की डिजिटल पंचायत योजना के तहत शुरू की गई है। इसके अंतर्गत चरणबद्ध तरीके से झारखंड की सभी 4,345 ग्राम पंचायतों में आधार परमानेंट एनरोलमेंट सेंटर स्थापित किए जाएंगे, ताकि ग्रामीणों को आधार से जुड़ी सेवाएं उनके अपने पंचायत भवन में ही उपलब्ध हो सकें।
इस अवसर पर मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि यह केवल एक सेवा केंद्र का उद्घाटन नहीं, बल्कि ग्रामीण शासन व्यवस्था को डिजिटल और जनसुलभ बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि इसकी शुरुआत किसी बड़े शहर या राजधानी रांची से नहीं, बल्कि पंचायत भवन से की गई है, जो इस बात का प्रमाण है कि राज्य सरकार विकास की शुरुआत गांवों और पंचायतों से करना चाहती है। उन्होंने बताया कि आज राज्यभर में एक साथ आठ पंचायतों में इस व्यवस्था का शुभारंभ किया गया है। आने वाले समय में झारखंड की सभी 4,345 ग्राम पंचायतों को डिजिटल पंचायत बनाने की तरफ़ क्रांतिकारी क़दम है।


