संत रविदास की 650वीं जयंती पर भाजपा चलाएगी ‘समरसता संकल्प अभियान’: अर्जुन मुंडा

रांची: भाजपा संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती को देशभर में भव्य तरीके से मनाएगी। इसके तहत ‘समरसता संकल्प अभियान’ 29 जुलाई गुरु पूर्णिमा से शुरू होकर 20 फरवरी 2027 तक चलेगा। करीब सात माह तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य संत रविदास के सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे के संदेश को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाना है।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि झारखंड में भी अभियान को व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा। 29 जुलाई की शाम धार्मिक स्थलों और मंदिरों में ‘समरसता दीप महोत्सव’ आयोजित होगा। वहीं ‘कलश वंदन अभियान’ की शुरुआत संत रविदास की जन्मस्थली वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर से होगी। वहां की पवित्र मिट्टी को कलश के माध्यम से देशभर में मंडल स्तर तक पहुंचाया जाएगा।

मुंडा ने बताया कि 5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक जालंधर से वाराणसी तक ‘समरसता यात्रा’ भी निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि यह केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है।

उन्होंने संत रविदास के ‘मन चंगा तो कठौती में गंगा’ संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी शिक्षाएं आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं। ‘बेगमपुरा’ की उनकी कल्पना भेदभाव और दुख से मुक्त समानतामूलक समाज की थी। अभियान के जरिए सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत के निर्माण के लिए जनभागीदारी बढ़ाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *