बिहार की जलवायु आवाज बनेंगे टीएमबीयू के दो युवा, आईआईटी रुड़की के मॉडल सीओपी-31 में लेंगे हिस्सा

भागलपुर। भागलपुर से निकले दो युवा अब राष्ट्रीय मंच पर बिहार की जलवायु और पर्यावरण से जुड़ी आवाज बुलंद करेंगे। तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) के दो एनएसएस स्वयंसेवकों शिव सागर और प्रभाकर का चयन आईआईटी रुड़की के सहारनपुर में 10 अगस्त को होने वाले मॉडल सीओपी-31 के लिए हुआ है। दोनों छात्र कार्यक्रम में बिहार राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।
मॉडल सीओपी-31 में दोनों स्वयंसेवक जलवायु परिवर्तन, पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और वैश्विक जलवायु नीति जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा और वार्ता में हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम का आयोजन आईआईटी रुड़की और स्टूडेंट्स फॉर डेवलपमेंट के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन की तर्ज पर होगा मंथन
मॉडल सीओपी-31 संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन की तर्ज पर आयोजित किया जा रहा है। इसमें प्रतिभागी अलग-अलग देशों और हितधारकों की भूमिका निभाकर दुनिया के सामने मौजूद पर्यावरणीय चुनौतियों पर चर्चा करेंगे। साथ ही जलवायु संकट से निपटने और सतत विकास के लिए संभावित समाधानों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
भागलपुर के दो इलाकों से राष्ट्रीय मंच तक
शिव सागर मारवाड़ी कॉलेज में राजनीतिक विज्ञान के छात्र हैं। वे पीरपैंती प्रखंड के शेरमारी बाजार निवासी पंकज कुमार के पुत्र हैं। वहीं प्रभाकर पीजी ग्रामीण अर्थशास्त्र के छात्र हैं और सबौर प्रखंड के ममलखा निवासी शिवपूजन मंडल के पुत्र हैं।
दोनों छात्रों के चयन से विश्वविद्यालय और उनके कॉलेज में खुशी का माहौल है। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार झा, पीजी हेड डॉ. राजेश मिश्रा समेत अन्य शिक्षकों ने दोनों स्वयंसेवकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *