मुरहू प्रखंड परिसर में मनाया गया विश्व आदिवासी दिवस, बच्चों को किया गया पुरस्कृत
खूंटी: विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को मुरहू प्रखंड परिसर में कार्यक्रम आयोजित कर आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और विरासत को याद किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन करने के साथ हुई।
कार्यक्रम में बच्चों के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता, गायन प्रतियोगिता सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड प्रमुख, उप प्रमुख, जिला परिषद सदस्य, सांसद प्रतिनिधि, मुरहू पंचायत की मुखिया तथा उपस्थित पड़हा राजा एवं ग्राम प्रधानों द्वारा प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी, मुरहू ने की। इस दौरान उपस्थित अतिथियों एवं ग्रामीणों ने अपने-अपने विचार रखते हुए भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और योगदान को याद किया तथा विश्व आदिवासी दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला।
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सहज एवं सरल शब्दों में विश्व आदिवासी दिवस के महत्व को समझाते हुए कहा कि यह दिवस आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा, भाषा, पहचान और समृद्ध विरासत को सम्मान देने तथा उसके संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का अवसर है।
वहीं प्रखंड प्रमुख, उप प्रमुख, जिला परिषद सदस्य एवं सांसद प्रतिनिधि ने भी विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर अपने विचार व्यक्त किए। उपस्थित पड़हा राजा एवं ग्राम प्रधानों ने आदिवासी समाज की परंपराओं, सामाजिक व्यवस्था और संस्कृति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ी को अपनी जड़ों और गौरवशाली इतिहास से जोड़ना आवश्यक है।
वक्ताओं ने बताया कि आदिवासी समाज की संस्कृति और परंपराओं को वैश्विक स्तर पर सम्मान देने के उद्देश्य से संयुक्त राष्ट्र द्वारा विश्व आदिवासी दिवस मनाने की पहल की गई थी और वर्ष 1994 से 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिवस दुनिया भर के आदिवासी समुदायों के अधिकारों, संस्कृति और विरासत के संरक्षण के प्रति जागरूकता का महत्वपूर्ण अवसर है।
कार्यक्रम के अंत में प्रखंड प्रमुख ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, पड़हा राजा, ग्राम प्रधानों, बच्चों, अभिभावकों तथा प्रखंड कर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, प्रखंड कर्मी एवं बच्चे उपस्थित रहे।


