वियतनाम हादसे में मृत राजा का पार्थिव शरीर रांची लाने की पहल तेज

रांची (गणादेश): वियतनाम में सड़क दुर्घटना में रांची निवासी 26 वर्षीय राजा कुमार वर्मा की मौत के बाद उनके पार्थिव शरीर को रांची लाने की प्रक्रिया जारी है। हादसे में राजा की मौके पर ही मौत होने की जानकारी सामने आई है। झामुमो नेता नंद किशोर सिंह चंदेल के अनुसार, घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजनों और वार्ड 27 की पार्षद बबली सोनी ने शनिवार को राज्यसभा सांसद डॉ. महुआ माजी से टेलीफोन पर संपर्क कर मामले की जानकारी दी। इसके बाद सांसद ने रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री सहित संबंधित अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर राजा कुमार वर्मा के पार्थिव शरीर को रांची लाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया तेज करने का आग्रह किया। सोमवार को मृतक की मां रूपा वर्मा, भाई शुभम वर्मा, भाभी दीपमाला वर्मा, झारखंड प्रगतिशील मजदूर यूनियन के अध्यक्ष सह झामुमो युवा नेता विक्रम सिंह सोनू, वार्ड 27 की पार्षद बबली सोनी, पार्षद प्रतिनिधि मनीष सोनी, रेणु देवी और अर्श कुमार समेत अन्य लोग सांसद डॉ. महुआ माजी के आवासीय कार्यालय पहुंचे। इस दौरान झामुमो नेता नंद किशोर सिंह चंदेल भी मौजूद रहे। वार्ड पार्षद बबली सोनी ने सांसद को घटना की जानकारी और अब तक हुई कार्रवाई से अवगत कराया। इसके बाद सांसद ने संबंधित पदाधिकारी से फोन पर बातचीत की और मृतक की मां रूपा वर्मा से भी उनकी बात कराई। सांसद डॉ. महुआ माजी ने परिजनों को आश्वस्त किया कि राजा कुमार वर्मा के पार्थिव शरीर को जल्द रांची लाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि नियमानुसार पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। सांसद ने दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा भी दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *