रातू में महिला से सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में दो गिरफ्तार, दो नाबालिग निरुद्ध
रांची : रातू थाना क्षेत्र में करमा पर्व की रात महिला से सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है। घटना को लेकर पीड़िता के आवेदन पर रातू थाना कांड संख्या 326/26, दिनांक 26 सितंबर 2026 को बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने आवेदन में बताया था कि 22 सितंबर की रात करमा पर्व के दौरान तीन-चार अज्ञात युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष अनुसंधान दल का गठन किया गया।
जांच के दौरान मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदीप मुंडा उर्फ रावन (22), निवासी चटकपुर, और सुनील मुंडा (23) को गिरफ्तार किया। वहीं, दो नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी करमा पूजा मेला देखकर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने पीड़िता को मोबाइल पर बात करते हुए देखा और मौका पाकर उसके साथ वारदात की। आरोप है कि घटना के बाद पीड़िता के गले से चेन भी छीन ली गई, जिसे बाद में बेच दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी संदीप मुंडा के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, मोबाइल में घटना से संबंधित साक्ष्य मिले हैं। संदीप का पूर्व में सुखदेवनगर थाना कांड संख्या 395/17 में भी आपराधिक इतिहास रहा है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है, जबकि नाबालिगों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।


