रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के साथ 4 किमी तक 2000 युवाओं ने चलाई साइकिल,

रांची : रांची में साइक्लोथन के साथ सांसद खेल महोत्सव 2025 का शुभारंभ हुआ। मोराबादी मैदान में अहले सुबह लगभग 2000 की संख्या में रांची के युवा, साइकिलिंग करने वाले लोग, महिलाएं, स्कूली कॉलेज के बच्चे और सामान्य नागरिक एकत्र हुए। सबको टीशर्ट प्रदान किया गया। यहां से साइक्लोथन का शुभारंभ हुआ, जिसे पूर्व मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास, रक्षा राज्य मंत्री और रांची लोकसभा क्षेत्र के सांसद संजय सेठ, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, विश्व साइकिलिंग चैंपियनशिप में कई पुरस्कार जीतने वाली कमांडर गौरी मिश्रा ने झंडी दिखाकर और गुब्बारा उड़ाकर रवाना किया। लगभग 4 किलोमीटर के साइक्लोथन में भारत माता की जय और वंदे मातरम के उद्घोष के साथ साइकिल सवार शामिल हुए। माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिट युवा फॉर विकसित भारत के सूत्र के साथ सांसद खेल महोत्सव उत्साहपूर्वक रांची अपनी भागीदारी निभा रहे हैं। आज साइक्लोथन के क्रम में राष्ट्रभक्ति गीतों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गई। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय कांके और अनगड़ा की बच्चियों ने बैंड पर शानदार प्रस्तुति देकर साइक्लोथन में शामिल लोगों का उत्साह बढ़ाया। साइक्लोथन के समापन पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिया गया। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत 2047 का जो लक्ष्य लिया है, उसे पूर्ण करने के लिए युवाओं का स्वस्थ रहना बहुत जरूरी है। उसी के तहत इस महोत्सव का आयोजन किया गया है। वहीं रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने कहा कि साइकिलिंग हमारे जीवन का हिस्सा बने, यह प्रयास हमारा होना चाहिए। आज से शुरू हुआ सांसद खेल महोत्सव 25 दिसंबर तक चलेगा, जिसमें 12 अक्टूबर को भव्य मैराथन का आयोजन किया जाना है। उस मैराथन में रांची के 25000 लोग एक साथ दौड़ेंगे। श्री सेठ ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव के तहत खेल क्षेत्र में रांची एक नया अध्याय लिखने को तैयार है। युवाओं और स्कूल कॉलेज के छात्रों की सशक्त भागीदारी ने बता दिया कि रांची खेल की उर्वरा भूमि है और यहां के खेल प्रेमी उसे और भी सिंचित करने का काम कर रहे हैं। इस अवसर पर रांची महानगर भाजपा अध्यक्ष श्री वरुण साहू, रांची ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्री धीरज महतो, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्री शशांक राज, महानगर युवा मोर्चा अध्यक्ष श्री रोमित नारायण प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *