उपकारा में जेल लोक अदालत, कानूनी जागरूकता शिविर एवं मेडिकल कैंप का आयोजन

खूंटी : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण  रांची के निर्देश पर रविवार को उपकारा खूंटी में जेल लोक अदालत, कानूनी जागरूकता शिविर एवं मेडिकल चेकअप कैंप का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डीएलएसए अध्यक्ष रसिकेस कुमार के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

शिविर में उपस्थित कैदियों को संबोधित करते हुए डीएलएसए सचिव राजश्री अपर्णा कुजूर ने कहा कि ऐसे कई बंदी हैं जो किसी कारणवश अपना बेलर नहीं जुटा पाते, परिवार से मिल नहीं पाते या फिर दस्तावेजी कमी के कारण जमानत प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाते। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे बंदी लिखित आवेदन देकर डीएलएसए सचिव या कारा अधीक्षक को सूचित कर सकते हैं। उन्हें हर संभव निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

राजश्री अपर्णा कुजूर ने यह भी साझा किया कि झालसा अब कैदियों, उनके माता-पिता और परिवार के सदस्यों को भी सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास कर रहा है। इसके तहत कैदियों के छोटे बच्चों का नामांकन आरटीई (Right to Education) के अंतर्गत नज़दीकी स्कूलों में कराया जाएगा। वहीं, परिजनों से प्राप्त आवेदनों को जिला प्रशासन को भेजा जाएगा ताकि पात्रता के आधार पर उन्हें विभिन्न सरकारी लाभ दिलाए जा सकें।डीएलएसए सचिव ने कैदियों से अपने अधिकारों को पहचानने और एक भारतीय नागरिक के नाते अपने अधिकारों के हनन को रोकने की अपील की। उन्होंने कैदियों को पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने, सकारात्मक सोच विकसित करने और स्वयं को केवल “कैदी” न मानकर एक जिम्मेदार और कर्तव्यनिष्ठ नागरिक के रूप में तैयार करने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में डीएलएसए के एल.ए.डी.सी. असिस्टेंट निखिल मेहता, प्रभारी कारा अधीक्षक अनुराधा कुमारी, डीएलएसए पी.एल.वी. और उपकारा खूंटी के अन्य सहकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *