इंडिया गठबंधन से उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी रांची पहुंचे,सीएम हेमंत सोरेन से मांगा समर्थन, कहा- “यह चुनाव लोकतंत्र बचाने की लड़ाई है
रांची : भारत के उपराष्ट्रपति पद का चुनाव 9 सितंबर को होना प्रस्तावित है। चुनाव में प्रत्याशी सांसदों से अपने पक्ष में समर्थन जुटाने में लगे हैं। इसी क्रम में इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी शनिवार को रांची पहुंचे और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से समर्थन की अपील की।
कांके स्थित मुख्यमंत्री आवास में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में रेड्डी ने कहा, “यह चुनाव हार-जीत से कहीं आगे है। यह लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है। मुझे पूरा विश्वास है कि सांसद अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनकर इंडिया गठबंधन के पक्ष में मतदान करेंगे।”
संविधान को लेकर उठाए सवाल
रेड्डी ने हाथ में संविधान लेकर कहा कि आज देश की स्थिति किसी से छुपी नहीं है। उन्होंने बताया कि उन्होंने व्यक्तिगत रूप से सांसदों को फोन कर और पत्र लिखकर समर्थन मांगा है। “यदि सांसद मुझे योग्य समझेंगे तो निश्चित रूप से समर्थन देंगे।”
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर झूठे आरोप लगाए गए और उन्हें बेवजह परेशान किया गया। “उनकी प्रतिष्ठा को आघात पहुंचाया गया, इसके लिए जिम्मेदार कौन है? यह भी लोकतंत्र पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।”
चुनाव आयोग पर की टिप्पणी
रेड्डी ने मतदाता सूची शुद्धिकरण (SIR) प्रक्रिया और चुनाव आयोग की पारदर्शिता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “चुनाव आयोग को निष्पक्ष चुनाव कराना चाहिए। बहुमत का मतलब यह नहीं कि जनता पर जबरन कानून थोपे जाएं। यह संविधान के लिए खतरा है।”
संसद में पेश किए गए 130वें संविधान संशोधन बिल पर उन्होंने कहा कि यह बिल जल्दबाजी में पेश किया गया। इसे अब संयुक्त संसदीय समिति (JPC) को भेजा गया है। “जब रिपोर्ट आएगी, तब इस पर गंभीर चर्चा होगी।”
हेमंत सोरेन का बयान
प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा, “उपराष्ट्रपति का चुनाव देश के लिए महत्वपूर्ण है। सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों अपनी तैयारी कर रहे हैं। इंडिया गठबंधन की ओर से हमारे प्रत्याशी बी. सुदर्शन रेड्डी हैं। हम सब मिलकर रणनीति बना रहे हैं कि उन्हें विजय कैसे दिलाई जाए।”



