गिरिडीह के तीसरी थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा, श्रद्धालुओं से भरी टेंपो पलटी, दो की मौत, कई घायल

रांची: झारखंड के गिरिडीह जिले के तीसरी थाना क्षेत्र अंतर्गत शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। राजधनवार से हथियागढ़ की ओर जा रही श्रद्धालुओं से भरी एक टेंपो अचानक हथियागढ़ घाटी में अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में मौके पर ही दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, वहीं महिला समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, श्रद्धालु शनिवार की सुबह राजधनवार से पूजा-अर्चना के उद्देश्य से टेंपो में सवार होकर हथियागढ़ जा रहे थे। जैसे ही टेंपो घाटी के पास पहुंचा, तेज मोड़ पर चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और टेंपो पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार श्रद्धालु चीख-पुकार करने लगे और आसपास के लोगों ने दौड़कर घायलों को बाहर निकाला।
स्थानीय ग्रामीणों की मदद से पुलिस और प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव अभियान चलाया। सभी घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जिनकी स्थिति गंभीर थी, उन्हें गिरिडीह जिला अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों ने बताया कि कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि देर शाम तक मृतकों की औपचारिक पहचान की प्रक्रिया जारी थी। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान होते ही परिजनों को सूचना दी जाएगी।
वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने कहा कि दुर्घटना का मुख्य कारण जर्जर सड़क है। गिरिडीह से राजधनवार तक सड़क काफी जर्जर हो चुकी है। आए दिन इस जगह पर दुर्घटना होती रहती है। यह सड़क अविलंब बनना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *