सेक्टर पदाधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण
खूंटी: नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 को सफलतापूर्वक एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त आर० रॉनिटा के निर्देश पर सभी प्रतिनियुक्त सेक्टर पदाधिकारियों को मतदान प्रक्रिया से पूर्व एवं मतदान के पश्चात किए जाने वाले समस्त कार्यों एवं उत्तरदायित्वों से संबंधित विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।
समाहरणालय स्थित सभागार में आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम वरीय पदाधिकारी, प्रशिक्षण कोषांग-सह-परियोजना निदेशक, आईटीडीए आलोक शिकारी कच्छप की अध्यक्षता में किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग ले रहे सभी प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में सेक्टर मजिस्ट्रेट की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट प्रशिक्षण को गंभीरता से लें तथा राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी सभी निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने पूर्व चुनावों में किए गए बेहतर कार्यों की सराहना करते हुए इस निर्वाचन में भी उसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही यह भी कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त कर अन्य मतदान कर्मियों को भी सही तरीके से प्रशिक्षित करें।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान मास्टर ट्रेनर द्वारा सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट को उनके दायित्वों से अवगत कराते हुए विस्तृत जानकारी दी गई। इसमें मुख्य रूप से राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी गाइडलाइंस, मतदान की तिथि एवं समय, मतदान कर्मियों के साथ समन्वय, मतपेटिका से मतदान की प्रक्रिया, मतदान हेतु आवश्यक सामग्री, मतदाता पहचान, मतपत्र, मतदान केंद्रों पर आवश्यक बुनियादी सुविधाएं, वल्नरेबल मैपिंग, मतगणना की तिथि सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। सेक्टर मजिस्ट्रेट द्वारा पूछे गए प्रश्नों के भी उत्तर दिए गए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रभारी पदाधिकारी प्रशिक्षण कोषांग, सेक्टर मजिस्ट्रेट, मास्टर ट्रेनर समेत संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।



