स्क्रूटनी के बाद 8 ने लिया नाम वापस, रांची मेयर पद के लिए 11 प्रत्याशी मैदान में,मुख्य मुकाबला भाजपा, कांग्रेस और झामुमो के बीच

रांची: नगर निकाय चुनाव के तहत रांची नगर निगम के मेयर पद के लिए शुक्रवार को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी हो गई। स्क्रूटनी के बाद जहां मेयर पद के लिए कुल 19 प्रत्याशी मैदान में थे, वहीं नाम वापसी की अंतिम तिथि पर 8 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके साथ ही अब मेयर पद के लिए कुल 11 प्रत्याशी चुनावी मैदान में रह गए हैं।
हालांकि प्रत्याशियों की संख्या 11 है, लेकिन चुनावी मुकाबला अब मुख्य रूप से तीन प्रमुख दलों—भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा—के बीच सिमटता नजर आ रहा है। भारतीय जनता पार्टी ने रोशनी खलखो को अपना समर्थित प्रत्याशी घोषित किया है, जबकि कांग्रेस ने रमा खलखो और झामुमो ने सुजीत विजय आनंद कुजूर को मेयर पद का उम्मीदवार बनाया है। मौजूदा राजनीतिक समीकरणों को देखते हुए चुनावी संघर्ष रोशनी बनाम रमा बनाम सुजीत के बीच होने की संभावना जताई जा रही है।
इस चुनाव में आजसू समर्थित प्रत्याशी सुरेंद्र लिंडा अब भी मैदान में डटे हुए हैं, जिससे आदिवासी वोट बैंक को लेकर मुकाबला दिलचस्प हो सकता है।
नाम वापसी के बाद भाजपा के भीतर चल रही खींचतान भी काफी हद तक समाप्त हो गई है। पार्टी लाइन से अलग चल रहे भाजपा से जुड़े राजेंद्र मुंडा, सुनील फकीरा कच्छप और संजय टोप्पो ने नामांकन वापस लेकर नेतृत्व को राहत दी है।
वहीं झामुमो ने भी पार्टी अनुशासन का सख्ती से पालन कराते हुए बगावत कर नामांकन करने वाले कार्यकर्ताओं को मनाने में सफलता पाई है। इनमें कथरीना तिर्की, रामशरण तिर्की, अजीत लकड़ा, सुजीत कुमार कुजूर और बीरू तिर्की शामिल हैं, जिन्होंने मेयर पद के लिए दाखिल अपना नामांकन वापस ले लिया है।
अब जबकि नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, रांची मेयर चुनाव में राजनीतिक तस्वीर लगभग साफ हो गई है और आने वाले दिनों में चुनावी सरगर्मी और तेज होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *