झामुमो ने रांची मेयर प्रत्याशी के रूप में सुजीत विजय आनंद कुजूर पर लगाई मुहर

रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा ने रांची नगर निगम चुनाव-2026 को लेकर मेयर पद के लिए सुजीत विजय आनंद कुजूर के नाम पर अंतिम मुहर लगा दी है। यह निर्णय रांची जिला एवं महानगर संयोजक मंडली की एक आवश्यक बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया। बैठक रातू रोड स्थित होटल कृष्ण इन में आयोजित हुई।
बैठक की अध्यक्षता जिला संयोजक प्रमुख मुस्ताक आलम ने की। इस दौरान केंद्रीय सदस्य सह जिला एवं महानगर संयोजक मंडली सदस्य पवन जेडीया, केंद्रीय सदस्य सह महानगर संयोजक मंडली सदस्य अंतू तिर्की, केंद्रीय सदस्य अश्विनी शर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
बैठक में रांची मेयर सीट की उम्मीदवारी को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान पार्टी के कई कार्यकर्ताओं ने अपनी दावेदारी प्रस्तुत की, जिनमें रामशरण तिर्की, बीरू तिर्की, सुजीत विजय आनंद कुजूर, कैथरीना तिर्की, सुजीत कुजूर और अजीत लकड़ा प्रमुख रूप से शामिल थे। सभी पहलुओं पर चर्चा के बाद पार्टी नेतृत्व ने सर्वसम्मति से सुजीत विजय आनंद कुजूर को मेयर पद का प्रत्याशी घोषित किया।
निर्णय के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। झामुमो की संगठनात्मक एकता का परिचय देते हुए अन्य सभी दावेदारों ने निर्वाचन शाखा में जाकर मेयर पद की उम्मीदवारी से अपना नाम वापस ले लिया। पार्टी नेताओं ने इसे संगठन की मजबूती और अनुशासन का प्रतीक बताया।
बैठक में समनूर मंसूरी, विक्की यादव, मृत्युंजय सिंह, शिवनंदन मिश्रा, नवीन चंचल, प्रदीप शर्मा, आदिल इमाम, संजय राय, नवीन तिर्की, सलमान अली, आयुष राज वर्मा सहित जिला एवं महानगर स्तर के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
झामुमो नेताओं ने दावा किया कि पार्टी एकजुट होकर रांची नगर निगम चुनाव में उतरेगी और जनता के मुद्दों को प्राथमिकता बनाकर चुनाव लड़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *