हजारीबाग में ज्वेलरी दुकान में बड़ी लूट, 10 से 12 लाख के सामान ले जाने की बात
रांची : हजारीबाग के चौपारण थाना क्षेत्र के सिंघरावां मोड़ से करीब 200 मीटर दूर लराही रोड स्थित एक ज्वेलरी दुकान में शुक्रवार देर रात हथियारबंद अपराधियों ने लूट की घटना को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि अपराधियों ने दुकानदार के घर में घुसकर परिजनों को बंधक बनाया और हथियार के बल पर घर व दुकान के लॉकर और अलमारी खुलवाकर नकद और सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए।
लूट के दौरान अपराधी परिवार के दो मोबाइल फोन भी लेकर फरार हो गए। बाद में एक मोबाइल आसपास फेंका गया, जबकि दूसरे मोबाइल को गुरपा-गझंडी के पास स्विच ऑफ किए जाने की जानकारी सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पंकज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
वहीं, बरही डीएसपी के अनुसार शुरुआती जानकारी में करीब 10 से 12 लाख रुपये की लूट की बात सामने आई है। मामले में पूछताछ और जांच जारी है।घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।


