नहाय-खाय के साथ 13 नवंबर से शुरू होगा चार दिवसीय छठ महापर्व

रांची: हिंदी साहित्य भारती के उपाध्यक्ष सह श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने कहा है कि लोकआस्था, पवित्रता, त्याग, तपस्या और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक चार दिवसीय छठ महापर्व 13 नवंबर से नहाय-खाय के साथ प्रारंभ होगा। भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना का यह महान पर्व 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ संपन्न होगा।13 नवंबर प्रथम दिन छठ महापर्व का शुभारंभ कार्तिक शुक्ल चतुर्थी को नहाय-खाय से होगा, इस दिन व्रती प्रातः स्नान कर घर की साफ-सफाई करते हैं तथा शुद्ध एवं सात्त्विक भोजन तैयार करते हैं। परंपरा के अनुसार कद्दू की सब्जी, चने की दाल और अरवा चावल का प्रसाद बनाया जाता है। व्रती पहले स्वयं प्रसाद ग्रहण करते हैं, इसके बाद परिवार के अन्य सदस्य भोजन करते हैं। इसी दिन से घर में पवित्रता और संयम के विशेष नियमों का पालन शुरू हो जाता है। द्वितीय दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखते हैं। संध्या समय स्नान कर भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा-अर्चना करते हैं। इसके बाद गुड़ की खीर, गेहूं की रोटी और अन्य सात्त्विक पकवानों का भोग लगाया जाता है। व्रती प्रसाद ग्रहण कर परिवार एवं श्रद्धालुओं में वितरित करते हैं। खरना के बाद लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत आरंभ होता है तृतीय दिन को ठेकुआ, चावल के लड्डू तथा अन्य पारंपरिक प्रसाद तैयार किए जाते हैं।बांस के सूप और डलिया में नारियल, केला, गन्ना, सेब, संतरा तथा विभिन्न मौसमी फल सजाए जाते हैं। संध्या समय व्रती परिवार सहित नदी, तालाब और छठ घाटों पर पहुंचकर जल में खड़े होकर अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को दूध एवं जल से अर्घ्य अर्पित करते हैं। इस अवसर पर छठी मैया के पारंपरिक गीतों से वातावरण भक्तिमय हो उठता है। कई परिवारों में कोसी भरने की परंपरा भी निभाई जाती है। चतुर्थ अंतिम दिन प्रातःकाल व्रती पुनः छठ घाटों पर पहुंचते हैं और उदीयमान भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु, आरोग्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की जाती है। सूर्यदेव की पूजा के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण कर निर्जला व्रत का पारण करते हैं। इसी के साथ चार दिवसीय महापर्व संपन्न होता है।छठ पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण और जीवन के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का महापर्व है। भगवान सूर्य को प्रत्यक्ष देवता मानकर उनकी उपासना की जाती है। इस पर्व की विशेषता है कि इसमें अस्ताचलगामी और उदीयमान दोनों सूर्य को समान श्रद्धा से अर्घ्य दिया जाता है। यह समानता, धैर्य, अनुशासन, त्याग और निरंतर कर्म का संदेश देता है।लोकमान्यता के अनुसार छठी मैया की आराधना से परिवार में सुख-शांति, संतान की उन्नति और समृद्धि प्राप्त होती है।यह पर्व सामाजिक एकता, पारिवारिक सद्भाव और सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतीक है। छठ महापर्व हमें जलस्रोतों को स्वच्छ रखने, पर्यावरण संरक्षण, शुद्धता, सेवा, संयम और समाज में भाईचारे की भावना बनाए रखने की प्रेरणा देता है।

— संजय सर्राफ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *