धुर्वा डैम छठ घाट पर नीलामी का आरोप, 5 से 10 हजार रुपये लेकर बांटी जा रही जगह
रांची: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर राजधानी रांची में तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला प्रशासन और नगर निगम की ओर से विभिन्न छठ घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है। इसी बीच धुर्वा डैम के सीठियो साइट स्थित छठ घाट पर जगह आवंटित करने के नाम पर कथित तौर पर पैसे वसूलने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने घाट पर 10×10 फीट के प्लॉट की मार्किंग कर श्रद्धालुओं को 5 से 10 हजार रुपये लेकर जगह उपलब्ध कराना शुरू कर दिया है।
इसकी शिकायत मिलने पर नवयुवक संघ के सदस्य मौके पर पहुंचे। उनके साथ मीडिया की टीम भी वहां पहुंची, लेकिन आरोपित लोग मौके से नदारद मिले। बताया गया कि संबंधित लोगों की ओर से यह दावा किया गया कि वे घाट की साफ-सफाई कर छठव्रतियों को जगह निःशुल्क उपलब्ध कराते हैं।
इस मामले पर नवयुवक संघ दुर्गा पूजा सह छठ पूजा समिति, बी रेकलबे क्लब, न्यू मार्केट सिटी रोड के प्रतिनिधि रवि शंकर ने गंभीर आपत्ति जताई है। उन्होंने बताया कि उनकी समिति पिछले 15 से 20 वर्षों से धुर्वा डैम घाट पर दुर्गा पूजा और छठ पूजा के आयोजन के साथ साफ-सफाई की व्यवस्था में योगदान देती रही है। समिति श्रद्धालुओं को निःशुल्क सेवा उपलब्ध कराती है।
रवि शंकर के अनुसार, दुर्गा पूजा विसर्जन के बाद जेसीबी मशीन से घाट की सफाई कराई गई थी। दीपावली के बाद जब समिति के सदस्य दोबारा घाट पहुंचे, तो वहां 10×10 फीट के आकार में जगह की मार्किंग देखकर हैरान रह गए। उन्होंने आरोप लगाया कि शिवा नाम का एक युवक लोगों को जगह उपलब्ध कराने के नाम पर कथित तौर पर 5 से 10 हजार रुपये मांग रहा था। आरोप है कि पहले वह समिति के साथ सफाई कार्य में शामिल होता था और इसी दौरान लोगों के संपर्क नंबर जुटाता था। हालांकि, रवि शंकर ने स्पष्ट किया कि उक्त युवक समिति का सदस्य नहीं है।
समिति ने प्रशासन से घाट की जमीन के स्वामित्व और उसकी कानूनी स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। साथ ही यह जांच कराने की मांग की है कि किसी व्यक्ति या समूह को वहां जगह आवंटित करने अथवा पैसे लेने की अनुमति है या नहीं। समिति का कहना है कि यदि अनधिकृत कब्जे या अवैध वसूली की पुष्टि होती है, तो संबंधित लोगों पर कार्रवाई की जाए, ताकि छठव्रतियों को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।



