जब विधायक प्रदीप यादव के अंदर जागा कलाकार, साधु के भेष में मंच पर सुनाए चुटकुले और निभाए फिल्मी किरदार

रांची: राजनीति के मैदान में अपनी पहचान बनाने वाले पोड़ैयाहाट के कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। काली पूजा के अवसर पर हंसडीहा के बोरा गांव में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में विधायक प्रदीप यादव साधु के भेष में मंच पर उतरे और अपने अभिनय से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
दरअसल, मंच पर साधु के भेष में नजर आ रहे प्रदीप यादव कोई पेशेवर कलाकार नहीं, बल्कि पोड़ैयाहाट विधानसभा क्षेत्र के विधायक हैं। कार्यक्रम के दौरान उनके अंदर छिपा कलाकार ऐसा जागा कि उन्होंने एक के बाद एक कई मजेदार चुटकुले सुनाकर दर्शकों को हंसने पर मजबूर कर दिया। उनके चुटकुलों पर पूरा पंडाल ठहाकों से गूंज उठा।
विधायक का अभिनय केवल चुटकुले सुनाने तक ही सीमित नहीं रहा। उन्होंने हिंदी फिल्मों के लोकप्रिय गानों और धुनों पर अलग-अलग किरदार निभाकर अपनी अभिनय प्रतिभा का प्रदर्शन किया। साधु के वेश में उन्होंने ‘औलाद वालों, फूलों फलो’ जैसे गीतों पर शानदार मंचन किया। इसके अलावा कई हिंदी फिल्मी गीतों पर भावुक और दिल को छू लेने वाले दृश्यों को भी जीवंत किया। इस दौरान उनके पुत्र ने भी मंच पर अलग-अलग किरदार निभाकर उनका साथ दिया।
प्रदीप यादव के इस अनोखे अंदाज को देखकर कार्यक्रम में मौजूद लोग भी हैरान रह गए। दर्शकों के बीच चर्चा रही कि विधायक जी तो छुपे रुस्तम निकले। राजनीति के साथ-साथ उनमें अभिनय और मनोरंजन की भी शानदार प्रतिभा है। कुछ लोगों ने तो मजाकिया अंदाज में यह तक कह दिया कि विधायक जी राजनीति के बजाय फिल्मों में होते तो हीरो बन सकते थे। बहरहाल, बोरा गांव का यह सांस्कृतिक कार्यक्रम विधायक प्रदीप यादव की राजनीतिक छवि से इतर उनके कलाकार वाले अंदाज के कारण चर्चा का विषय बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *