समाहरणालय में बदलेगा माहौल, आने वालों को मिलेगी भोजन,पेयजल की सौगात
भागलपुर। समाहरणालय और अनुमंडल कार्यालयों में अब आने वाले लोगों को खाली पेट या प्यासा भटकना नहीं पड़ेगा। बिहार सरकार के नए निर्देशों के तहत जिले के सभी बड़े प्रशासनिक परिसरों में सुलभ भोजन, स्वच्छ पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी तेज हो गई है। इसी कड़ी में भागलपुर के समीक्षा भवन में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में मंगलवार को एक विशेष बैठक आयोजित हुई।
सरकार ने इन सभी सुविधाओं का संचालन जीविका समूह को सौंपने का निर्णय लिया है। बैठक में मौजूद जीविका के डीपीएम सुनिर्मल गरेन ने भोजनालय संचालन के लिए स्थान आवंटित करने की मांग रखी। इसके लिए उन्होंने जिला आपदा प्रबंधन के पुराने कार्यालय भवन को उपलब्ध कराने का प्रस्ताव दिया।
जिलाधिकारी ने अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) को स्पष्ट निर्देश दिए कि एक सप्ताह के भीतर यह परिसर जीविका को सौंप दिया जाए, ताकि व्यवस्था बनाने का काम तुरंत आगे बढ़ सके।
सिर्फ जिला मुख्यालय ही नहीं, बल्कि नवगछिया और कहलगांव अनुमंडल के लोगों के लिए भी अच्छी खबर है। दोनों अनुमंडल पदाधिकारियों को दो कमरे,एक स्टोर रूम,एक आउटलेट तथा खुला स्पेस जीविका को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
इन स्थानों पर जल्द ही एक ऐसी व्यवस्था खड़ी की जाएगी जहाँ उत्कृष्ट गुणवत्ता वाला भोजन सस्ते दर पर उपलब्ध रहेगा। इससे दूर-दराज से आने वाले ग्रामीणों, कार्यालय के कर्मियों और विभिन्न कार्यों से आने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।



