राहुल गांधी ने वोट अधिकार यात्रा का सासाराम से किया प्रारंभ

पटना: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बिहार के सासाराम से ‘वोट अधिकार यात्रा’ की शुरुआत की। सुआरा हवाई अड्डा ग्राउंड में आयोजित विशाल जनसभा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राजद नेता लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव, और लेफ्ट पार्टियों के नेता शामिल हुए। इस दौरान ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारे लगाए गए। लालू प्रसाद यादव ने कहा, “वोट हमारा अधिकार है। हम लोकतंत्र को मिटने नहीं देंगे। इसके लिए हमने कई कुर्बानियां दी हैं और आगे भी देंगे।” जनसभा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव का तालियों और नारों के साथ स्वागत किया।

राहुल गांधी की इस यात्रा के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। किसी को भी बिना अनुमति उनके पास जाने की इजाजत नहीं है। यह यात्रा 17 दिनों में बिहार के 23 जिलों और 50 विधानसभा सीटों को कवर करेगी। सासाराम में जनसभा के बाद राहुल गांधी औरंगाबाद जाएंगे, जहां वे किसानों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद शाम 4 बजे डेहरी में थाना चौक से पैदल मार्च शुरू करेंगे, जिसमें तेजस्वी यादव, मुकेश सहनी और महागठबंधन के अन्य नेता शामिल होंगे। जनसभा के लिए सुआरा हवाई अड्डा ग्राउंड में वाटरप्रूफ पंडाल बनाया गया, जिसमें 50,000 से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था है। पंडाल को तैयार करने में 20 लाख रुपये से अधिक खर्च हुए। राहुल गांधी का कटआउट भी ग्राउंड में लगाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *