भरनो में दर्दनाक हादसा: पानी से भरी बाथरूम की टंकी में डूबने से दो बच्चों की मौत
गुमला: जिले के भरनो थाना क्षेत्र के लोंगा गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में दो स्कूली बच्चों की मौत हो गई। दोनों बच्चे पानी से भरी बाथरूम की टंकी में डूब गए। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतकों की पहचान लोंगा गांव निवासी अरमान अंसारी (9 वर्ष), पिता असलम अंसारी और जैद अंसारी (5 वर्ष), पिता मिनारूल अंसारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे किसी तरह पानी से भरी बाथरूम की टंकी में गिर गए और डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों ने दोनों बच्चों को टंकी से बाहर निकाला और आनन-फानन में अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई। हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
एक साथ दो बच्चों की मौत की खबर से पूरे लोंगा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए परिवार को इस दुख की घड़ी में हिम्मत देने की बात कही।
पुलिस हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।



