आरकेडीएफ यूनिवर्सिटी में ‘भारत की विदेश नीति’ पर विशेष संवाद

रांची : रांची स्थित आरकेडीएफ में भारत की विदेश नीति और वैश्विक भूमिका” विषय पर एक विशेष टॉक शो एवं संवाद सत्र का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को समसामयिक अंतरराष्ट्रीय मुद्दों से जोड़ते हुए उनकी वैश्विक समझ और विश्लेषणात्मक क्षमता को विकसित करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व राज्यसभा सांसद महेश पोद्दार ने भाग लिया। आरकेडीएफ यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. एस चटर्जी ने पूर्व सांसद का अंग वस्त्र और प्रतीक चिन्ह देकर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन कांके टॉक के होस्ट अमित मोदी ने किया, जिन्होंने पूरे संवाद को रोचक और विचारोत्तेजक बनाए रखा।
संवाद के दौरान भारत की विदेश नीति से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। ईरान संकट, होरमुज स्ट्रैट के संदर्भ में ऊर्जा सुरक्षा, मध्य-पूर्व की बदलती परिस्थितियां और वैश्विक तनाव के बीच भारत की संतुलित रणनीति पर विशेष रूप से विचार रखा गया। साथ ही यह भी विमर्श हुआ कि भारत एक उभरती वैश्विक शक्ति के रूप में कितनी प्रभावी भूमिका निभा रहा है।
दक्षिण एशिया के संदर्भ में श्रीलंका के साथ समुद्री कूटनीति, बांग्लादेश की राजनीतिक स्थिति, नेपाल के साथ संबंधों में विश्वास की कमी और चीन के बढ़ते प्रभाव जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई। पड़ोस पहले नीति की प्रभावशीलता और भारत की भूमिका पहला जवाब देने वाला’ या ‘देर से प्रतिक्रिया करने वाला’ के रूप में—इन सवालों पर भी विशेषज्ञ दृष्टिकोण सामने आए।
अपने संबोधन में महेश पोद्दार ने कहा कि भारत की विदेश नीति दूरदर्शी, संतुलित और राष्ट्रीय हितों पर आधारित है। उन्होंने जोर दिया कि ऊर्जा सुरक्षा, क्षेत्रीय स्थिरता और वैश्विक सहयोग में भारत की भूमिका लगातार मजबूत हो रही है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए सवाल पूछे, जिनका उत्तर सरल और प्रभावी ढंग से दिया गया। यह संवाद छात्रों के लिए वैश्विक राजनीति को समझने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *