14वीं JPSC परीक्षा मामले में CID की जांच तेज, दो और आरोपी गिरफ्तार; पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते के आवास पर छापेमारी

रांची: 14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच लगातार तेज होती जा रही है। मामले की जांच अपने हाथ में लेने के बाद सीआईडी लगातार कार्रवाई कर रही है। गुरुवार को जांच के दौरान दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही इस मामले में अब तक गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर सात हो गई है।

इधर, सीआईडी की एक टीम ने जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एवं राज्य के पूर्व मुख्य सचिव एल. खियांग्ते के कांके रोड स्थित आवास पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान टीम ने डिजिटल उपकरणों सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों और अन्य सामग्रियों की जांच की। अधिकारियों ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को भी खंगाला और आवश्यक जानकारी जुटाई।

सूत्रों के अनुसार, सीआईडी ने पूर्व अध्यक्ष से मामले के विभिन्न पहलुओं को लेकर पूछताछ भी की। हालांकि, जांच एजेंसी ने अभी तक गुरुवार को गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों के नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं।

छापेमारी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी रही। स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में रखा गया और किसी भी व्यक्ति को बिना अनुमति अंदर या बाहर जाने की इजाजत नहीं दी गई।

सीआईडी की इस कार्रवाई को 14वीं जेपीएससी परीक्षा में कथित गड़बड़ियों की तह तक पहुंचने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जांच एजेंसी पूरे मामले में साक्ष्य जुटाने और जिम्मेदार लोगों की भूमिका की पड़ताल में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *