डॉ. अंबेडकर विद्या ज्योति छात्रवृत्ति योजना के तहत 288 छात्राओं को 11.53 लाख रुपये की छात्रवृत्ति

हजारीबाग: केनरा बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय हजारीबाग की ओर से डॉ. अंबेडकर विद्या ज्योति छात्रवृत्ति योजना के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उप महाप्रबंधक जयगुरू मिश्रा एवं सहायक महाप्रबंधक मयूर कृष्णा के मार्गदर्शन में हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमारी नीलम उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं प्रधान अध्यापिकाओं के साथ केनरा बैंक की विभिन्न शाखाओं के प्रबंधकों ने भाग लिया। केनरा बैंक के मंडल प्रबंधक आशीष कुमार वर्मा एवं अनुभाग प्रभारी अर्चना कुमारी ने बैंक की कॉर्पोरेट सामाजिक जिम्मेदारी (CSR) के तहत संचालित छात्रवृत्ति योजना की जानकारी उपस्थित लोगों को दी।
क्षेत्रीय कार्यालय हजारीबाग के अंतर्गत कुल 288 छात्राओं को 11.53 लाख रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। वहीं, पूरे देश में केनरा बैंक की ओर से 47,232 छात्राओं को लगभग 19 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति दी गई है।
डॉ. अंबेडकर विद्या ज्योति छात्रवृत्ति योजना के तहत केनरा बैंक देशभर में मेधावी अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के छात्र-छात्राओं को प्रतिवर्ष छात्रवृत्ति प्रदान करता है। बैंक का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के प्रतिभावान विद्यार्थियों को शिक्षा जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना और उन्हें बेहतर भविष्य के अवसर उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *