घोघा में ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ जैसी डकैती, सेल टैक्स से रिटायर्ड पंडितजी के घर भीषण लूट

भागलपुर। सुबह की चाय का वक्त था, जब शहर नींद से जाग रहा था। तभी जिले के घोघा थाना क्षेत्र स्थित घोघा बाजार में तीन नकाबपोशों ने एक घर में घुसकर भीषण डकैती को अंजाम दिया। यह कोई साधारण चोरी नहीं, बल्कि एक सुनियोजित ‘क्राइम ऑपरेशन’ था। जिसमें योजना, रेकी और समय का पूरा ख्याल रखा गया। गौरतलब है कि हाल के वर्षों में घोघा थाना क्षेत्र में दो से अधिक बड़ी डकैतियों को नकाबपोश अपराधी अंजाम दे चुके हैं, लेकिन अब तक किसी का भी पुलिस द्वारा खुलासा नहीं हो सका है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह 6:15 बजे, जब अधिकांश लोग मंदिर की घंटी और न्यूज चैनल की आवाज़ में व्यस्त थे,
घोघा बाजार निवासी गोपाल उपाध्याय के घर में तीन डकैत दाखिल हो चुके थे। महिला को बंधक बनाया गया, हाथ-पैर बांध दिए गए, मुंह में कपड़ा ठूंसा और टेप चिपकाया गया। फिर 25 लाख की नकदी और 50 लाख से अधिक के जेवरात लेकर डकैत फरार हो गए। कुल 60 मिनट में करीब 75 लाख की लूटl बिना गोली, बिना शोर और बिना किसी सीसीटीवी में कैद हुए!

पीड़ित गोपाल उपाध्याय, जो कि सेल टैक्स विभाग से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं, अब पूजा-पाठ का कार्य करते हैं। डकैतों ने उसी दिनचर्या को अपना हथियार बनाया।

एक पुराना ऑटो चालक, जिससे वे अक्सर कहलगांव जाते थे। उसी को साजिश के तहत भेजा गया। सुबह 6:00 बजे ऑटो वाला आया और बताया कि कहलगांव में पूजा है। उपाध्याय जी निकल गए, और सिर्फ 15 मिनट बाद तीनों डकैत बिना नंबर की मोटरसाइकिल से आ पहुंचे।

घर में अकेली मौजूद महिला सदस्य शांति देवी ने बताया कि वे फल लेकर आए और बोले कि पंडितजी ने भेजा है। फिर धक्का देकर अंदर घुसे, हाथ-पैर बांध दिए, मुंह में कपड़ा ठूंसा और टेप चिपका दिया। मेरी आंखों के सामने उन्होंने गोदरेज तोड़ डाला और सारा सामान लूट लिया।

इन लुटेरों ने किसी तरह की जल्दबाज़ी नहीं की।
उन्होंने गांव की हर उस गली और चौराहे से बचकर रास्ता चुना, जहां CCTV कैमरे लगे थे। गमछे से चेहरा ढकना, सुनियोजित एंट्री और एग्ज़िट सब इस बात का संकेत देते हैं कि ये पेशेवर और अनुभवी अपराधी थे।

घटना की जानकारी मिलते ही इंस्पेक्टर सुबोध राव और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे।घटनास्थल से विस्तृत जानकारी एकत्रित की गई। थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि अब तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। लेकिन जांच जारी है, और अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *