राहुल की तारीफ कर सोनिया ने दिए सक्रिय राजनीति छोड़ने का संकेत

नवा रायपुर: छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर में कांग्रेस के 85वें राष्ट्रीय महाधिवेशन के दूसरे दिन सोनिया गांधी ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सक्रिय राजनीति से संन्यास के संकेत दिए। उन्होंने पार्टी के अध्यक्ष के तौर पर अपनी पारी का उल्लेख करते हुए कहा-यह मेरे लिए सम्मान की बात थी कि मैंने वर्ष 1998 में कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभाला। 25 वर्षों में पार्टी ने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल कीं और निराशा भी हाथ लगी। उन्होंने आगे कहा कि 2004 और 2009 में हमारी जीत के साथ-साथ मनमोहन सिंह के कुशल नेतृत्व ने मुझे व्यक्तिगत संतुष्टि दी, लेकिन मुझे सबसे ज्यादा खुशी इस बात की है कि अध्यक्ष के तौर पर मेरी पारी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के साथ पूरी हुई। सोनिया गांधी ने कहा कि इस यात्रा ने कांग्रेस और लोगों के बीच संवाद की विरासत को समृद्ध किया है। इस दौरान राहुल की तारीफ करते हुए सोनिया ने दिए राजनीति से संन्यास लेने का संकेत
अधिवेशन के दूसरे दिन सोनिया गांधी ने मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र सरकार और RSS ने सभी स्वायत्त एजेंसियों पर कब्जा कर लिया है। पीएम मोदी देश के लिए नहीं अपने मित्रों के लिए सत्ता चला रहे हैं।
भारत जोड़ो यात्रा के लिए राहुल की तारीफ
सोनिया गांधी ने अपने भाषण में राहुल गांधी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि राहुल के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा ने बहुत अच्छा काम किया। सोनिया ने कहा कि जिस तरह से राहुल ने इस यात्रा में लोगों के पास पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुना वो काबिले तारीफ है। सोनिया ने इसी के साथ अपनी रिटायरमेंट की ओर इशारा करते हुए कहा कि भारत जोड़ो यात्रा से बेहतर मेरी पारी की समाप्ति नहीं हो सकती।
भाजपा ने हर संस्थान पर कब्जा किया
सोनिया गांधी ने कहा कि हमें भाजपा शासन से सख्ती से निपटना होगा और लोगों तक अपनी पहुंच बढ़ानी होगी ताकि अपने संदेश स्पष्टता के साथ दे सकें। सोनिया ने आगे कहा कि भाजपा नफरत की आग में घी डालने का काम कर रही है और अल्पसंख्यकों, महिलाओं, दलितों, आदिवासियों को निशाना बना रही है। कांग्रेस नेता ने इसी के साथ कहा कि यह समय पार्टी और देश के लिए चुनौतीपूर्ण है, क्योंकि भाजपा ने हर संस्थान पर कब्जा कर लिया है।
कांग्रेस ने हमेशा लोकतंत्र को मजबूत किया
सोनिया ने कहा कि कांग्रेस एक राजनीतिक पार्टी नहीं बल्कि एक ऐसा माध्यम है जिसके द्वारा लोग समानता, स्वतंत्रता और न्याय के लिए लड़ते हैं। हम लोगों की आवाज को आगे बढ़ाते हैं और उनके सपने पूरे करते हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि हमारा रास्ता आसान नहीं है लेकिन हम जरूर जीतेंगे। सोनिया ने इसी के साथ कहा कि कांग्रेस ने हमेशा लोकतंत्र को मजबूत करने का काम किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *