संपूर्णता अभियान 2.0 के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन
खूंटी: नीति आयोग, भारत सरकार अंतर्गत आकांक्षी जिला कार्यक्रम एवं आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के तहत संपूर्णता अभियान 2.0 को लेकर उपायुक्त आर० रॉनिटा के निर्देश पर शनिवार को मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका विद्यालय के सभागार में उप विकास आयुक्त आलोक कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह अभियान 28 जनवरी 2026 से 14 अप्रैल 2026 तक संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ उप विकास आयुक्त द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। जिला योजना पदाधिकारी कुंदन कुमार द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए संपूर्णता अभियान 2.0 के उद्देश्यों एवं विभिन्न इंडिकेटर की जानकारी दी गई।
अपने संबोधन में उप विकास आयुक्त आलोक कुमार ने कहा कि संपूर्णता अभियान 2.0 का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि एवं पशुपालन सहित विभिन्न विकासात्मक मानकों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत पूर्ण करना है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि सभी प्रखंडों में योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए तथा जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा की जाए।
उन्होंने विशेष रूप से कुपोषण मुक्ति, शत-प्रतिशत टीकाकरण, विद्यालयों में नामांकन, शौचालय एवं उपस्थिति दर में वृद्धि, पशुपालन योजनाओं के प्रभावी कार्यान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विभागीय समन्वय एवं सतत निगरानी से ही अभियान के लक्ष्यों की प्राप्ति संभव है।
उप विकास आयुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे पंचायत स्तर तक अभियान की जानकारी पहुंचाएं तथा लाभुकों को योजनाओं से आच्छादित करने हेतु विशेष अभियान चलाएं। उन्होंने संबंधित विभागों से कहा कि प्रगति प्रतिवेदन नियमित रूप से उपलब्ध कराएं तथा किसी भी प्रकार की बाधा की सूचना तत्काल जिला स्तर पर दें, ताकि त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
कार्यक्रम में परियोजना निदेशक आईटीडीए, अपर समाहर्ता, जिला योजना पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, फेलो, सभी आंगनबाड़ी सेविका समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। अंत में उप विकास आयुक्त ने सभी को शपथ दिलाया एवं सभी संबंधित विभागों से समन्वित प्रयास करते हुए संपूर्णता अभियान 2.0 को सफल बनाने का आह्वान किया।



