बोकारो में बच्चा चोरी की अफवाहों पर प्रशासन सख्त,लगभग 300 से अधिक सोशल मीडिया अकाउंट्स चिन्हित

बोकारो : शनिवार को उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा है कि जिले में पिछले कुछ दिनों से बच्चा चोरी की अफवाहें फैलाने की घटनाएं सामने आई हैं। मामले की जांच में यह पाया गया है कि लगभग 300 से अधिक सोशल मीडिया अकाउंट्स द्वारा सुनियोजित तरीके से भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने का प्रयास किया गया है।
भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर हो रही कानूनी कार्रवाई
उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा दोषियों की गिरफ्तारी भी सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस प्रशासन अफवाह फैलाने वाले तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई कर रहा है।उपायुक्त ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अपुष्ट खबर, वीडियो या सोशल मीडिया संदेश पर बिना सत्यापन विश्वास न करें और न ही उसे आगे साझा करें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति दिखाई देने पर तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दें।
कानून हाथ में लेने वालों पर भी होगी सख्त कार्रवाई
उपायुक्त ने चेतावनी दी है कि किसी भी परिस्थिति में कानून को अपने हाथ में नहीं लें। अफवाहों के आधार पर किसी भी व्यक्ति के साथ दुर्व्यवहार, मारपीट या हिंसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए तथा अफवाह फैलाने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *