विपक्षी एकता मजबूत करने को लेकर नीतीश कुमार पहुंचे रांची, हेमंत सोरेन के साथ की संयुक्त प्रेसवार्ता

रांची: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को विपक्षी एकता की कवायद में रांची पहुंचे। रांची एयरपोर्ट पर जेडीयू के कार्यकर्ताओं ने उनका जमकर स्वागत किया। सीएम नीतीश कुमार को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। वहीं कांके स्थित सीएमओ कार्यालय में सीएम हेमंत सोरेन और नीतीश कुमार की संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस का आयोजन किया गया।
प्रेसवार्ता में पहले हेमंत सोरेन ने कहा कि जो राजनीतिक विचार है उसे इक्कठा करने के लिए फिर से एकजुट होकर बैठना पड़ेगा।सभी लोगों के विचारों को कैसे एक समान बनाएं इस विषय को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार हमारे गार्जियन जैसे हैं। साथ ही नए जेनरेशन के राजनीतिक सिपाही हैं। इनसे हमें बहुत कुछ सीखना है।
वहीं सीएम नीतीश कुमार ने रिश्तों की दुहाई देते हुए कहा कि शिबू सोरेन से उनका पुराना संबंध रहा है। पहली बार वे सीएम बने थे तो गुरु जी का भी सहयोग था। हमारा संबंध पहले से ही ठीक रहा है। नीतीश कुमार ने कहा कि हमारा पूरा विश्वास है कि पूरे देश में विपक्ष के अधिकांश लोगों की एकजुटता हो जायेगी। मिशन 2024के लिए मिलकर चलेंगे। अभी देश में पुराने इतिहास को बदलने की कोशिश चल रही है। हम लोग एकजुट होकर देश में भाईचारे का संदेश दे रहे हैं।सबको मिलकर एकजुट होकर चलना पड़ेगा तभी देश आगे बढ़ेगा।
नीतीश-हेमंत की मुलाकात के साथ ही राज्य में एक नए राजनीतिक समीकरण के विकास के संकेत साफ हैं. नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड झारखंड में झामुमो की अगुवाई वाले सत्तारूढ़ गठबंधन का हिस्सा बन सकती है. जेडीयू झारखंड में अपने प्रभाव क्षेत्र के विस्तार की कोशिशों में जुटा है. इसी रणनीति के तहत कुछ महीने पहले नीतीश कुमार ने झारखंड के मांडू क्षेत्र के पूर्व विधायक खीरू महतो को बिहार से राज्य सभा भेजा और इसके बाद उन्हें झारखंड में पार्टी का अध्यक्ष भी बनाया. पिछले दिनों पहले खीरू महतो ने हेमंत सोरेन से मुलाकात की. इसके बाद जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह ने भी रांची पहुंचकर हेमंत सोरेन के साथ मीटिंग की थी.
इस अवसर पर बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव,जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष ललन सिंह,मंत्री संजय झा,मंत्री सत्यानंद भोक्ता,प्रदेश जेडीयू अध्यक्ष खीरू महतो,महासचिव श्रवण कुमार सहित कई जेडीयू के नेता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *