प्रदेश भाजपा ने किया महागठबंधन की सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्ववान

रांचीः प्रदेश भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में झारखंड में चल रहे महागठबंधन की सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया गया। प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि हम जब तक इस सरकार को सत्ता से बाहर नहीं करेंगे, तब तक चैन की नींद नहीं सोएंगे। मिलकर रावण राज्य को खत्म करेंगे। कहा कि मधु कोड़ की सरकार के कार्यकाल से भी अधिक भ्रष्टाचार इस सरकार में देखने को मिल रहा है। हाल यह है कि सीएम अपने नाम पर पत्थर की लीज ले रहे हैं, यही नहीं उनके भाई, पत्नी ने जमीन व लीज लेने का काम किया। बहुत जल्द चुनाव आयोग का निर्णय भी सामने आएगा। उन्होंने कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़ा करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार के 27 माह के कार्यकाल में 4153 लोगों की हत्या हुई। 3741 बहनों के साथ दुष्कर्म की घटनाएं हुईं और 766 नक्सली घटनाएं घटीं। राज्य की स्थिति भयावह है। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव में सबसे ज्यादा भाजपा के कार्यकर्ता जीत रहे हैं, अभी तो आधा चुनाव परिणाम आया है। दावा किया कि गांव की सरकार भी भाजपा की ही सरकार होगी। बैठक में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास, विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी समेत कार्यसमिति के सभी सदस्य मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *