आईएमए हॉल में डॉक्टर्स वाइव्स एसोसिएशन का दवा मेला संपन्न, महिला उद्यमियों ने सजाए आधुनिक फैशन के स्टॉल
रांची : राजधानी रांची के आईएमए हॉल में डॉक्टर्स वाइव्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित दो दिवसीय दवा मेला शनिवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। मेले के अंतिम दिन महिलाओं की भारी भीड़ देखने को मिली और जमकर खरीदारी हुई।
एसोसिएशन की अध्यक्ष रेणु तिवारी और सचिव श्वेता रंजन ने बताया कि इस दो दिवसीय मेले को लोगों का बेहद सकारात्मक प्रतिसाद मिला। मेले में आईएएस और डॉक्टर्स परिवार के सदस्यों सहित शहर के विभिन्न वर्गों की अच्छी-खासी भागीदारी रही। यहां आधुनिक परिधानों, बैंगल्स और महिलाओं से जुड़ी विभिन्न वस्तुओं के करीब 50 से 60 स्टॉल लगाए गए थे। साथ ही, स्थानीय ग्रामीण कुटीर उद्योग से जुड़ी महिलाओं ने भी अपने उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री की।
उन्होंने बताया कि डॉक्टर्स वाइव्स एसोसिएशन का मुख्य उद्देश्य चैरिटी के माध्यम से जरूरतमंदों की सहायता करना है। मेले से प्राप्त आय को गरीब और असहाय बच्चों एवं महिलाओं के कल्याण पर खर्च किया जाता है। पूर्व में मेले की आय को प्रधानमंत्री राहत कोष और ‘कोशिश’ संस्थान को सहयोग के रूप में दिया गया था। इस बार भी प्राप्त राशि को शिक्षा के क्षेत्र में उपयोग करने की योजना है।
इस मेले में झारखंड के अलावा मुंबई, बेंगलुरु और कोलकाता से भी महिला उद्यमियों ने भाग लिया। मेले का उद्घाटन झामुमो विधायक कल्पना सोरेन ने किया था।
वहीं, जानी-मानी महिला उद्यमी ख्याति मुंजाल ने बताया कि उन्होंने मेले में लेटेस्ट फैशन परिधानों का स्टॉल लगाया था, जिसे लोगों का काफी अच्छा प्रतिसाद मिला।
इस अवसर पर एसोसिएशन की चेयरपर्सन विनीता शरण, फाउंडर एवं को-चेयरपर्सन झूमा सरकार, अध्यक्ष रेणु तिवारी, सचिव श्वेता रंजन, कोषाध्यक्ष पल्लवी शरण सहित पूरी कार्यकारिणी और सदस्य उपस्थित रहे।



