खिजरी विधानसभा क्षेत्र में विधायक राजेश कच्छप ने बांटे 10 हजार कंबल, ठंड से राहत का प्रयास
रांची : भीषण ठंड और शीतलहर ने राजधानी समेत आसपास के इलाकों में जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। सुबह और शाम के समय बर्फीली हवाओं के चलने से गरीब और असहाय लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं। सड़कों पर आवाजाही कम हो गई है और खुले में रहने वाले लोगों के लिए ठंड जानलेवा साबित हो रही है।
ऐसे हालात में खिजरी विधानसभा क्षेत्र के लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से कांग्रेस विधायक दल के उप नेता एवं खिजरी विधायक राजेश कच्छप ने व्यापक स्तर पर कंबल वितरण अभियान चलाया है। विधायक की ओर से विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों में कुल 10 हजार कंबलों का वितरण कराया गया है।
विधायक राजेश कच्छप ने बताया कि कंबल वितरण पूरी तरह उनके निजी संसाधनों से किया गया है। यह किसी भी सरकारी योजना या मद से नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सहयोग से प्रत्येक पंचायत में जरूरतमंद, गरीब और असहाय लोगों को चिन्हित कर कंबल पहुंचाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि अब तक 10 हजार से अधिक लोगों को कंबल वितरित किए जा चुके हैं। मंगलवार को अनगड़ा प्रखंड में कंबल भेजे गए, जबकि इससे पहले खिजरी विधानसभा क्षेत्र के अन्य प्रखंडों और पंचायतों में भी वितरण किया जा चुका है। विधायक ने कहा कि ठंड के इस कठिन समय में गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा करना उनकी प्राथमिकता है और आगे भी इस तरह के राहत कार्य जारी रहेंगे।



