श्री राम जानकी तपोवन मंदिर में मकराना मार्बल से नक्काशी कार्य का विधिवत शुभारंभ
रांची:झारखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक रांची स्थित श्री राम जानकी तपोवन मंदिर में मंदिर के नव निर्माण कार्य को लेकर एक महत्वपूर्ण चरण की शुरुआत मंगलवार को की गई। विशेष तौर पर जयपुर के मकराना से आए नक्काशीदार मार्बल ब्लॉकों का विधि विधान से पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया।इस अवसर पर मकराना से आए कारीगरों का भी विधिवत पूजन किया गया, जो अब प्रतिदिन मंदिर परिसर में नक्काशी और निर्माण कार्य करेंगे। पूजन के साथ ही कार्य को गति प्रदान की गई, जिससे मंदिर के नव-निर्माण को नई ऊर्जा मिली है।कार्यक्रम का आयोजन राम जानकी तपोवन मंदिर के महंत ओम प्रकाश शरण जी के नेतृत्व में संपन्न हुआ। गुजरात से पधारे उधव सोनपुराजी एवं उनके साथ आए सभी सहकर्मियों की उपस्थिति में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए।इस मौके पर मंदिर नव-निर्माण समिति के सचिव प्रणय कुमार, रमेश धरणीधर, प्रसून रायपत, विधायक सी.पी. सिंह, जय सिंह यादव, रमेश सिंह, वीरेंद्र त्रिपाठी, ज्ञानप्रकाश, लवलीन तिवारी, रंजीत छाबड़ा, जग्गी नरेश, अयोध्या दास, रामविलास जी, गोपाल उपाध्याय, आचार्य अमर त्रिपाठी सहित मंदिर समिति के सभी सदस्य और बड़ी संख्या में राम भक्तगण उपस्थित रहे।
मौके पर महंत ओम प्रकाश शरण ने कहा कि मकराना मार्बल से होने वाला यह नक्काशी कार्य मंदिर की भव्यता और आध्यात्मिक गरिमा को और अधिक बढ़ाएगा। उन्होंने सभी कारीगरों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए निर्माण कार्य के सफल और शीघ्र पूर्ण होने की कामना की।कार्यक्रम में धार्मिक वातावरण और भक्तिमय उल्लास देखने को मिला, जिससे पूरे परिसर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना रहा।



