सरायकेला-खरसावां में भाजपा का प्रदर्शन, उपायुक्त कार्यालय घेरा

सरायकेला-खरसावां : झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू के नेतृत्व में बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरायकेला-खरसावां जिला मुख्यालय स्थित उपायुक्त कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आदित्य साहू ने कहा कि जब तक झामुमो-कांग्रेस की सरकार छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लेती और प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई कथित धांधली की सीबीआई जांच नहीं कराती, तब तक भाजपा छात्रों के साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ हुए अन्याय के खिलाफ पार्टी लगातार सड़क पर आंदोलन करेगी।
साहू ने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार और खनिज संपदाओं के दोहन का आरोप लगाते हुए कहा कि झारखंड के बालू, कोयला, पत्थर और जमीन को लूटने का काम किया जा रहा है। अब सरकार युवाओं के रोजगार और भविष्य के साथ भी खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय भाषाओं से संबंधित नियुक्तियों में भी गड़बड़ी हुई है और योग्य अभ्यर्थियों को अवसर से वंचित किया गया।
उन्होंने सीजीएल परीक्षा में कथित धांधली का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि चयनित अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले बाहर ले जाकर प्रश्नों के उत्तर रटवाए गए। उन्होंने दावा किया कि परीक्षा में बड़ी संख्या में वही प्रश्न दोहराए गए। साहू ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
छात्र आंदोलन का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे छात्रों को परेशान किया गया और बड़ी संख्या में छात्रों पर मुकदमे दर्ज किए गए। उन्होंने कहा कि छात्र 26 दिनों तक अनशन पर रहे, बावजूद इसके सरकार ने उनकी मांगों पर गंभीरता नहीं दिखाई।
एमएमडीआर बिल को लेकर भी साहू ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वैध खनन को बढ़ावा मिलने से राज्य को राजस्व मिलेगा और गरीब, मजदूर तथा ग्रामीणों को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने और परीक्षा धांधली की सीबीआई जांच होने तक भाजपा का आंदोलन जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *