तपोवन मंदिर में गोवर्धन पूजा का आयोजन अन्नकूट के भोग का हुआ वितरण

रांची: गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर राजधानी रांची के निवारणपुर स्थित प्राचीन तपोवन श्रीराम जानकी मंदिर में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी विधि विधान के साथ विशेष पूजा अर्चना का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महंत ओम प्रकाश शरण ने बताया की भगवान को अन्नकूट का 56 प्रकार का भोग अर्पित किया गया। पूजा के बाद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में रामभक्तों ने शामिल होकर श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया।

दोपहर 2:30 बजे से रात्रि 11 बजे तक श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया

मंदिर के महंत ओम प्रकाश शरण ने बताया कि तपोवन मंदिर में गोवर्धन पूजा का आयोजन परंपरागत रूप से प्रारंभ से ही किया जाता रहा है। वर्षों से चली आ रही इस धार्मिक परंपरा का निर्वहन इस वर्ष भी पूरी श्रद्धा और भव्यता के साथ किया गया। उन्होंने बताया कि भगवान को अन्नकूट का 56 भोग अर्पित करने के बाद दोपहर 2:30 बजे से रात्रि 11 बजे तक श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। इस दौरान हजारों रामभक्तों ने मंदिर पहुंचकर भगवान का आशीर्वाद लिया और प्रसाद ग्रहण किया।

अहंकार और क्रोध त्यागने का संदेश देती है गोवर्धन पूजा

गोवर्धन पूजा के धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए महंत ओम प्रकाश शरण ने कहा कि गोवर्धन पूजा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि मनुष्य को अहंकार, क्रोध और अभिमान का त्याग करने की प्रेरणा देने वाला पर्व है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों की रक्षा के लिए अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत को उठाया था। इसके माध्यम से उन्होंने देवराज इंद्र के अहंकार को तोड़ते हुए यह संदेश दिया था कि ईश्वर की शरण में रहने वाले भक्तों की रक्षा स्वयं भगवान करते हैं।उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा हमें प्रकृति, गौवंश और पर्यावरण के प्रति सम्मान एवं संरक्षण का भाव रखने की भी प्रेरणा देती है। भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला से यह सीख मिलती है कि मनुष्य को कभी भी अपने पद, शक्ति और सामर्थ्य का अहंकार नहीं करना चाहिए और प्रत्येक व्यक्ति को सदैव विनम्रता, श्रद्धा और सद्कर्मों के मार्ग पर चलना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *