हजारीबाग में विवाहिता के साथ दुष्कर्म

हजारीबाग: जिले के बरही थाना क्षेत्र के डुमरडीह गांव में एक विवाहिता के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता ने गांव के ही नसीम अंसारी पर जबरन दुष्कर्म करने और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार, करीब 19 वर्षीय विवाहिता के पति रोजगार के सिलसिले में हैदराबाद में रहते हैं, विवाहिता अपनी सास और ननद के साथ गांव में रहती है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि 30 सितंबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे वह शौच के लिए घर से बाहर निकली थी। इसी दौरान आरोपित कथित रूप से उसके कमरे में घुस गया और उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया।

घटना के दौरान विरोध करने और शोर मचाने की कोशिश करने पर आरोपित ने चाकू दिखाकर उसे जान से मारने की धमकी दी।आरोप है कि घटना के बारे में किसी को जानकारी देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी गई, इस धमकी के कारण पीड़िता भयभीत हो गई और उसने बाद में अपने पति को फोन पर पूरी घटना की जानकारी दी।

घटना की सूचना मिलने के बाद पति हैदराबाद से घर लौटे, इसके बाद पीड़िता अपने पति के साथ बरही थाना पहुंची और पुलिस को लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की। पीड़िता की लिखित शिकायत पर बरही पुलिस ने आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *