शिवमहापुराण कथा के तीसरे दिन उमड़ा आस्था का जनसैलाब, बाबूलाल मरांडी और आदित्य साहू ने किया कथा श्रवण

रांची : रांची के सुकुरहुट्टू स्थित फुटबॉल मैदान में श्री शिवाला सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित भव्य शिवमहापुराण कथा के तीसरे दिन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के श्रीमुख से प्रवाहित कथा सुनने के लिए रांची सहित आसपास के जिलों और अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। पूरा कथा स्थल “हर हर महादेव”, “बोल बम” और “श्री शिवाय नमस्तुभ्यं” के जयघोष से गूंजता रहा।

गुरुवार को कथा स्थल पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, भाजपा नेता रमेश सिंह तथा रांची के डिप्टी मेयर नीरज कुमार विशेष रूप से पहुंचे। सभी नेताओं ने पंडित प्रदीप मिश्रा से मुलाकात कर शिवमहापुराण कथा का श्रवण किया और आयोजन समिति द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, संस्कार और सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं।

कथा के दौरान पंडित प्रदीप मिश्रा का संदेश “एक लोटा जल, सब समस्याओं का हल” श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बना रहा। उन्होंने कहा कि भगवान शिव के लिए श्रद्धा भाव से एक लोटा जल अर्पित करने से व्यक्ति के कई दोष स्वतः समाप्त हो जाते हैं। यह संदेश सुनते ही पूरा पंडाल “हर हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा।

तीसरे दिन कथा स्थल पर लगभग तीन लाख श्रद्धालुओं की उपस्थिति का अनुमान लगाया गया। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों में विशेष उत्साह देखा गया। आयोजन स्थल को भव्य धार्मिक सजावट और सुव्यवस्थित व्यवस्था के माध्यम से पूरी तरह शिवमय वातावरण में बदल दिया गया था। कथा के बाद आयोजित भंडारे में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। समिति के अध्यक्ष शितेश कुमार सहित स्वयंसेवकों की सक्रियता के कारण पूरे आयोजन में अनुशासन और व्यवस्था बनी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *