नगर पालिका आम निर्वाचन को लेकर मीडिया कोषांग ने की प्रेस ब्रिफिंग

बोकारो : नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 को लेकर मंगलवार को सूचना भवन में मीडिया कोषांग के नोडल पदाधिकारी सह जिला जन संपर्क पदाधिकारी रवि कुमार द्वारा प्रेस ब्रिफिंग का आयोजन किया गया। प्रेस ब्रिफिंग में निर्वाचन से संबंधित महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों की जानकारी मीडिया प्रतिनिधियों को दी गई।कार्यक्रम में मीडिया कोषांग के नोडल पदाधिकारी द्वारा पेड न्यूज की रोकथाम के लिए गठित मीडिया सर्टिफिकेशन एवं मॉनिटरिंग कमेटी (एमसीएमसी) की भूमिका और कार्यप्रणाली पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। उन्होंने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पेड न्यूज पर कड़ी नजर रखी जा रही है।प्रेस ब्रिफिंग के दौरान पोस्टर, पंपलेट एवं अन्य प्रचार सामग्री के मुद्रण से संबंधित दिशा-निर्देशों की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि सभी मुद्रित प्रचार सामग्री पर प्रिंटर एवं प्रकाशक का नाम व पता अंकित करना अनिवार्य है। इसके उल्लंघन को आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) का उल्लंघन माना जाएगा।इस अवसर पर मीडिया के माध्यम से आम नागरिकों से 23 फरवरी को मतदान करने की अपील की गई। बताया गया कि मतदान पूर्वाह्न 7 बजे से अपराह्न 5 बजे तक होगा। मीडिया से अनुरोध किया गया कि वे अधिक से अधिक मतदाताओं तक मतदान की तिथि एवं समय की जानकारी पहुंचाकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करें।नोडल पदाधिकारी ने कहा कि स्वच्छ, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन संपन्न कराने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी मीडिया संस्थानों से निष्पक्ष, तथ्यपरक एवं जिम्मेदार पत्रकारिता करते हुए प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।मौके पर मीडिया कोषांग के सहयोगी पदाधिकारी सह सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *