झारखण्ड कांग्रेस प्रभारी अविनाश पाण्डेय ने रांची में आजादी की गौरव यात्रा का किया शुभारंभ

रांची : देश आजदी के 75वें वर्ष पूरे होने पर कांग्रेस ने आजादी की गौरव यात्रा पूरे राज्य के जिलों में आयोजित किया। यह यात्रा 14 अगस्त तक जिला के हर प्रखण्ड में किया जायेगा। इसके लिए सभी जिला संयोजक अपने-अपने प्रभार जिलों में पदयात्रा कार्यक्रम में शामिल हुए। पदयात्रा कार्यक्रम के पूर्व मोरहाबादी स्थित दिक्षांत समारोह में शामिल हो विश्व आदिवासी दिवस पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी। यात्रा की शुरूआत अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के महासचिव व झारखण्ड प्रभारी अविनाश पाण्डेय ने रांची जिला अन्तर्गत चान्हो स्थित सिलागांई से शुरू किया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर, कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की, पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, विधायक शिल्पा नेहा तिर्की, रविन्द्र सिंह, अमुल्य नीरज खलखो, गजेन्द्र सिंह, प्रवक्ता राकेश सिन्हा, जिलाध्यक्ष सुरेश बैठा सहित हजारों की संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता शामिल थे।
मौके पर झारखण्ड प्रभारी अविनाश पाण्डेय ने कहा कि आजादी के 75वीं वर्ष पूरे होने पर कांग्रेस की गौरव यात्रा के माध्यम से भावी पीढ़ी को हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, बलिदान तथा उत्सर्ग से अवगत कराना है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा व आरएसएस आग लगाने का काम करती है। जबकि कांग्रेस दलगत भावना से उपर उठकर राष्ट्र सर्वोपरि को ध्यान में रखकर काम करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा से देश के लोकतंत्र को खतरा है। इन्दिरा गॉंधी ने देश के लिए अपनी जान दे दी, लेकिन भाजपा सरकार अपनी घमंड पर चल रही है। लोकतंत्र की हत्या करते हुए चुनी गयी सरकारों को गिराने का काम कर रही है।
प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि आज छदम राष्ट्र भक्त देश में राष्ट्रभक्ति की गीत गा रहे हैं। भाजपा गांधी के विचारों को खत्म करके गोडसे की विचारधारा इस देश में थोपने का काम कर रही है। कांग्रेस सिर्फ एक दल नहीं बल्कि भारत और भारतीयता की पहचान है। हम एक सजग प्रहरी के रूप में छदम राष्ट्र भक्ति, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा करते रहेंगे। भाजपा का काम बुलडोजर चलाना तो कांग्रेस का काम आशियाना बनवाना है। भाजपाइयों के मुंह से अमृत शब्द शोभा नहीं देता है, क्योंकि भाजपा का काम नफरत फैलाना है। देश में जनता के असली मुद्दे मंहगाई-बेरोजगारी से ध्यान भटकाकर मंदिर-मस्जिद किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यात्रा का संदेश हर धर्म एवं हर जाति तक पहुंचाना है। हम यात्रा के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों के शहादत को भी याद कर रहे हैं।
कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने कहा कि ईडी, इनकम टैक्स, सीबीआई से कांग्रेस की आवाज को केन्द्र सरकार डराने का काम कर रही है, लेकिन हम डरने वालों में से नहीं। केन्द्र सरकार नौकरी तो दूर प्राइवेट नौकरियों से भी लोगों को निकालने का काम कर रही है। देश की आजादी का 75वां वर्ष चल रहा है। देश की आजादी ऐसे ही नहीं मिली थी, लाखों लोगों ने कुर्बानी दी थी। भगत सिंह सहित अन्य युवाओं ने फांसी के फंदे को चूमकर जीवन का बलिदान दिया था। उन्होंने कहा शिक्षा और रोजगार की बात करने पर भाजपा भारत और पाकिस्तान की बात करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *