अपने बिजनेस पार्टनर को फंसाने के लिए अभिषेक ने खुद पर चलवाई थी गोली
निर्मल महाराज,बोकारो – बोकारो के सेक्टर 12 थाना क्षेत्र के क्वार्टर संख्या 1165 ,सेक्टर 12 डी निवासी टैक्स कंसलटेंट अभिषेक प्रताप सिंह पर बीते 23 अगस्त के रात्रि अपराधियों द्वारा फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया गया था , फायरिंग के बाद अभिषेक प्रताप सिंह ने सेक्टर-12 थाना में अपने पार्टनर चंद्र मोहन ओझा और उनकी पत्नी अर्चना ओझा के खिलाफ मामला दर्ज कराया था । पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच में जुट गई थी । मामला का खुलासा करते हुए बोकारो पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि अभिषेक ने अपने ही चचेरे भाई की मदद से खुद पर फायरिंग करवाई, ताकि अपने बिजनेस पार्टनर और उसकी पत्नी को फंसा सके। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए अभिषेक प्रताप सिंह और उसके चचेरे भाई मंधीर कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। अभिषेक प्रताप सिंह और चंद्र मोहन ओझा बिजनेस पार्टनर थे। दोनों के बीच पैसों का लेन-देन था। चंद्र मोहन ओझा ने अभिषेक के नाम से गाड़ी खरीदी थी, लेकिन किस्त जमा न करने पर अभिषेक का सिविल स्कोर खराब हो गया था । इसी बात से नाराज होकर और पैसे के विवाद में, अभिषेक ने चंद्र मोहन ओझा और उनकी पत्नी अर्चना ओझा को फंसाने की नीयत से यह फायरिंग की साजिश रची। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से एक देसी लोडेड पिस्टल, 7.62 एमएम की 19 जिंदा गोलियां, घटना में इस्तेमाल किया गया काला पल्सर बाइक और दो मोबाइल फोन बरामद किया। पुलिस की जांच में पूरी सच्चाई सामने आ गई और दोनों आरोपी को गिरफ्तार किया गया।



