कांग्रेस जिला अध्यक्षों की बैठक संपन्न, संगठन सृजन अभियान को मिली नई दिशा
गणादेश,रांची: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की अध्यक्षता में कांग्रेस के नवनियुक्त जिला अध्यक्षों की बैठक शुक्रवार को कांग्रेस भवन, रांची में संपन्न हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश प्रभारी के. राजू मौजूद थे। बैठक से पूर्व प्रदेश प्रभारी के. राजू, सह प्रभारी सीरी बेला प्रसाद और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की उपस्थिति में हिंदू धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष जयशंकर पाठक ने अपने पिता, पूर्व विधायक स्व. लंबोदर पाठक की स्मृति में निर्मित लंबोदर पाठक स्मृति सभागार का उद्घाटन किया।
उद्घाटन के बाद इसी सभागार में जिला अध्यक्षों की बैठक आयोजित हुई। अपने संबोधन में के. राजू ने कहा कि जिला अध्यक्षों का मनोनयन संगठन के प्रति समर्पण और निष्ठा को देखते हुए किया गया है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता से ही जनता के बीच कांग्रेस की सकारात्मक छवि बनती है। संगठन की मजबूती के लिए अनुशासन और आपसी सम्मान जरूरी है। शिकायतों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और नेताओं को संगठन की मर्यादा में रहकर काम करने की सलाह दी गई।
प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत पूरे देश में कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा देने का कार्य चल रहा है। झारखंड में यह अभियान तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। लगभग 85% प्रखंड और पंचायत स्तर पर समिति गठन पूरा हो चुका है, शेष गठन जल्द पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिलों में भी पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी का गठन किया जाएगा और आठ दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर पदाधिकारियों को संगठनात्मक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने बताया कि जिला अध्यक्षों को वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान को पंचायत स्तर तक चलाने, बीएलए की नियुक्ति, ग्राम पंचायत व म्युनिसिपल कांग्रेस कमेटी की बैठकें आयोजित करने, भू-संपदा सूची तैयार करने और संगठन की प्रगति रिपोर्ट साप्ताहिक रूप से भेजने के निर्देश दिए गए।
बैठक में डॉ. इरफान अंसारी, प्रदीप बालमुचू, बंधु तिर्की, बन्ना गुप्ता, जयशंकर पाठक, अशोक चौधरी, सोनाल शांति, ममता देवी, सतीश पॉल मुंजनी समेत सभी जिला अध्यक्ष व पर्यवेक्षक मौजूद रहे।



