श्मशान घाट निर्माण में अनियमितता, उप प्रमुख अरुण साबू ने जताई नाराज़गी

खूंटी : मुरहू प्रखंड के उप प्रमुख अरुण कुमार साबू ने मुरहू पंचायत अंतर्गत श्मशान घाट निर्माण कार्य में भारी अनियमितता, लापरवाही और कोताही बरते जाने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में जिला परिषद, खूंटी द्वारा निविदा जारी कर छह माह की समय सीमा में निर्माण पूरा करने का अनुबंध किया गया था, किंतु निर्धारित अवधि बीत जाने के बावजूद कार्य अधूरा और बदहाल स्थिति में पड़ा है।
श्री साबू के अनुसार, ठेकेदार ने घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया है। जगह-जगह पिलर और बिम अधूरे हैं, छड़ों में जंग लग चुका है और निर्माण स्थल पर मलबे का ढेर जमा है। इस स्थिति से आसपास के ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में श्मशान घाट की हालत ऐसी है कि शवदाह के लिए उचित स्थान तक उपलब्ध नहीं है, जिससे बरसात के दिनों में अंतिम संस्कार करने में काफी कठिनाई होती है।
उप प्रमुख ने प्रशासन से सवाल उठाया कि जब अनुबंध पूरे हो चुके हैं तो निरीक्षण और मॉनिटरिंग का अभाव क्यों है? उन्होंने कहा कि यह केवल लापरवाही नहीं, बल्कि जनहित की अवहेलना और सार्वजनिक धन के दुरुपयोग का मामला है।
उन्होंने खूंटी जिला प्रशासन और जिला परिषद से मांग की है कि ठेकेदार पर कठोर कार्रवाई की जाए, अधूरे कार्य का तत्काल निरीक्षण कर रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए और श्मशान घाट निर्माण को शीघ्र पूरा कराया जाए।
साथ ही चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीणों के सहयोग से जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *