सत्ता से बेदखली के बावजूद भाजपा ईडी और राज्यपाल की मदद से शासन-तंत्र को अपने काबू में करने की रच रही साजिश :भाकपा

रांची: झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस का राज्य में एटम बम फोड़ने की मंशा पर भाकपा माले राज्य सचिव मनोज भक्त ने सवाल करते हुए कहा है कि इसके पीछे भाजपा की राजनीतिक स्वार्थ है। भाकपा माले की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि पहला लिफाफा बेकार चले जाने के बाद राज्यपाल बैस चुनाव आयोग से दूसरा लिफाफा लेने की बात कर रहे हैं और राजनीतिक ब्लैकमेलिंग के लिए माहौल बना रहे हैं।

राज्यपाल रमेश बैस के इस्तेमाल के जरिए मोदी सरकार झारखंड में राजनीतिक संकट पैदा करने की एक नई साज़िश फिर से शुरू कर रही है। भाकपा माले राज्य सचिव ने कहा है कि राजभवन प्रायोजित साजिश या खरीद-फरोख्त के जरिए भाजपा की झारखंड में सत्ता हड़पने के हथकंडे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। झारखंड की जनता इसका जवाब सड़कों पर देगी। भाकपा माले का मानना है कि अपने लंबे शासनकाल में भाजपा ने झारखंड में नौकरशाही और बिचौलियों की मदद से मजबूत भ्रष्ट तंत्र तैयार किया है।

भाजपा सत्ता से जनता द्वारा बेदखली के बावजूद ईडी और राज्यपाल की मदद से शासन-तंत्र को अपने काबू में रखने में कारगर रही है। पहले लिफाफे के दौर में होर्स ट्रेडिंग के रुपयों के साथ कांग्रेसी विधायकों के बंगाल में पकड़े जाने से भाजपा का भांडा फूट गया था। किंतु हेमंत सरकार के समझौतावादी रूख से भाजपा का फिर मनोबल बढ़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *