हेमंत सोरेन सरकार के संरक्षण में चल रहा अवैध उत्खनन का कारोबार: बाबूलाल मरांडी

रांची: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर अवैध खनन और भ्रष्टाचार को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि राज्य में खनिज संपदा की खुलेआम लूट हो रही है और यह सब सत्ता के संरक्षण में संचालित हो रहा है।
मरांडी ने चाईबासा में डीएमएफटी के नाम पर चल रहे कथित घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि अब जो तथ्य सामने आ रहे हैं, वे प्रशासनिक मिलीभगत और संगठित अवैध कारोबार की ओर संकेत करते हैं। उनके अनुसार, रोजाना 40 से 60 हाईवा के जरिए आयरन ओर का अवैध परिवहन किया जा रहा है, जिससे आम लोगों, विशेषकर आदिवासियों की जान खतरे में पड़ रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ प्रभावशाली लोगों द्वारा पूरे नेटवर्क को संचालित किया जा रहा है और प्रशासन को इसकी जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही। साथ ही, विधानसभा सत्र के दौरान दिखावे के लिए इस अवैध परिवहन को रोक दिया जाता है ताकि मामला तूल न पकड़े।
मरांडी ने मुख्यमंत्री से इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है, अन्यथा इसे सरकार की मौन सहमति माना जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *