मगध प्रोडक्शन द्वारा “मिशन शक्ति नेशनल फैशन शो” का भव्य आयोजन
रांची: मगध प्रोडक्शन के तत्वावधान में आयोजित “मिशन शक्ति नेशनल फैशन शो” का भव्य आयोजन आज रैडिसन ब्लू में किया जा रहा है। यह आयोजन केवल फैशन तक सीमित नहीं है, बल्कि महिला सशक्तिकरण, देशभक्ति और सामाजिक सम्मान का संदेश भी देगा।
कार्यक्रम के दौरान ऑपरेशन सिंदूर में सहभागिता निभाने वाली वीरांगनाओं एवं महिलाओं को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उनके साहस, समर्पण और राष्ट्र के प्रति योगदान के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक होगा।
फैशन शो में देश के कई प्रतिष्ठित ब्रांडों का सहयोग प्राप्त है। विशेष रूप से पैंटालून्स एवं मोदी बुटीक अपने नवीनतम कलेक्शन का आकर्षक शोकेस प्रस्तुत करेंगे। इसके अलावा अन्य प्रमुख फैशन एवं लाइफस्टाइल ब्रांड भी इस आयोजन का हिस्सा बन रहे हैं।
कार्यक्रम की एक विशेषता यह भी है कि इसमें सेना की पृष्ठभूमि से जुड़े कई पूर्व वरिष्ठ अधिकारी तथा वर्तमान में उच्च पदों पर कार्यरत सैन्य अधिकारी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। साथ ही, कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, जिनमें आईएएस एवं आईपीएस अधिकारी भी शामिल हैं, अपने परिवार के सदस्यों एवं बच्चों के साथ रैंप पर प्रतिभाग करेंगे। यह प्रस्तुति समाज में परिवार, आत्मविश्वास और महिला सशक्तिकरण का सकारात्मक संदेश देगी।
फैशन शो में कोलकाता के कई पेशेवर मॉडल अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। वहीं रांची के WAMS इंस्टीट्यूट की लगभग 20 मॉडल भी इस आयोजन में भाग लेकर अपनी प्रस्तुति देंगी।
आयोजकों के अनुसार, “मिशन शक्ति नेशनल फैशन शो” का उद्देश्य फैशन के माध्यम से महिलाओं को सशक्त मंच प्रदान करना, उनकी प्रतिभा को पहचान दिलाना तथा समाज में सकारात्मक और प्रेरणादायक संदेश का प्रसार करना है।


