महिलाओं के सशक्तिकरण पर केंद्रित ‘Empower Yourself’ कार्यशाला आयोजित
रांची: प्राणा लाउंज में सामाजिक संस्था चैरिटेबल चार्म्स की ओर से “Empower Yourself” विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को शारीरिक, मानसिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाना तथा स्वास्थ्य और व्यक्तित्व विकास के प्रति जागरूक करना था।
संस्था की चेयरपर्सन डॉ. ख्याति मुंजाल ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण समाज के समग्र विकास की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि हर महिला को अपनी क्षमता पहचानकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। संस्था भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।
कार्यशाला में इशा मल्होत्रा ने ग्रूमिंग और सेल्फ-केयर, डॉ. नम्रता महंसरिया ने ब्रेस्ट कैंसर की समय पर जांच, डॉ. निदा मकबूल ने मानसिक स्वास्थ्य, डॉ. रुही श्रीवास्तव ने प्रजनन स्वास्थ्य और अयन मजूमदार ने योग व स्वस्थ जीवनशैली पर जानकारी दी। वहीं, अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा (झारखंड) की महिला प्रदेश अध्यक्ष मनीषा सिंह ने महिलाओं को नेतृत्व की भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन आरती सुल्तानिया ने किया। आयोजन को सफल बनाने में रूपम झा, मौमिता चौधरी, प्रभा सिंह, निधि रॉय सहित कोर कमेटी के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर सरिता सिंह, प्रतिभा सिंह, नैन्सी, नमिता, प्रियंका सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। प्रतिभागियों ने इस पहल को महिलाओं के समग्र विकास की दिशा में सराहनीय कदम बताया।


