सांसद कालीचरण मुंडा ने रनिया प्रखंड में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्माण कार्यों की जांच की

खूंटी : खूंटी लोकसभा क्षेत्र के सांसद ने रनिया प्रखंड में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत निर्मित सड़कों की गुणवत्ता एवं निर्माण कार्यों का स्थल निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय जांच एजेंसी के अधिकारी भी मौके पर उपस्थित रहे। सांसद ने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी से सड़क निर्माण में अपनाए गए मानकों, गुणवत्ता तथा कार्य की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास योजनाओं में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा जनता के हितों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही सामने आती है तो दोषी व्यक्तियों एवं एजेंसियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर एवं टिकाऊ सड़क सुविधा उपलब्ध कराना है, इसलिए निर्माण कार्य पूरी पारदर्शिता और निर्धारित मानकों के अनुरूप होना चाहिए।
स्थानीय ग्रामीणों ने भी सड़क निर्माण से संबंधित अपनी शिकायतें एवं सुझाव सांसद के समक्ष रखे, जिन्हें उन्होंने गंभीरता से सुनते हुए निष्पक्ष जांच एवं आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर संबंधित विभाग के अधिकारी, केंद्रीय जांच एजेंसी के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *